Parminder Tiwari Murder: पंजाब के लुधियाना के कूमकलां में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष परमिंदर तिवाड़ी की निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। तिवारी समराला हल्के के ब्लॉक माछीवाड़ा साहिब के अध्यक्ष थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वारदात गांव हाड़ियां में उस समय हुई जब एक वह दुकान के बाहर कुर्सी पर बैठे थे, तभी बाइक पर सवार दो अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और उन्होंने तेजधार हथियार, कुल्हाड़ियों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
पंजाब में कांग्रेस नेता परमिंदर तिवाड़ी की हत्या से सनसनी
आरोपियों की तलाश जारी
हमले में गंभीर रूप से घायल हुए परमिंदर तिवाड़ी को तुरंत इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई है। इलाके में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
इस घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी रोष पाया जा रहा है। बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेता और समर्थक फोर्टिस अस्पताल पहुंच रहे हैं। वहीं, पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के भी मौके पर पहुंचने की सूचना है। पुलिस ने कहा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
मरम्मत के दौरान एक घर ढहने से तीन मजदूरों की मौत
वहीं, पंजाब के बरनाला जिले के फरवाही गांव में रविवार तड़के एक निर्माणाधीन मकान के ढहने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। सदर थाना प्रभारी (एसएचओ) जगजीत सिंह ने बताया कि इस घटना में तीन मजदूर मलबे के नीचे दब गए। उन्होंने यह भी बताया कि मकान मालिक ने मरम्मत का काम एक ठेकेदार को सौंपा था।
कुछ स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, मकान की मरम्मत का काम चल रहा था। एसएचओ ने बताया कि दीवार गिरने से घर ढह गया और तीनों मजदूर मलबे के नीचे दब गए। उन्होंने बताया कि मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया और बरनाला के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों के बयान लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
