शहर

Mau News: मुंबई जाने वाली ट्रेन में बम की सूचना से हड़कंप, जांच में मिला संदिग्ध बैग; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

मऊ जिले में गोरखपुर से मुंबई जा रही काशी एक्सप्रेस में मंगलवार को बम की सूचना से हड़कंप मच गया। ट्रेन को मऊ स्टेशन पर खाली कराया गया और पुलिस, GRP व RPF ने बम निरोधक दस्ते की मदद से ट्रेन की जांच शुरू की। सूचना मिली है कि जांच में एक संदिग्ध बैग बरामद हुआ है, लेकिन उसमें कोई विस्फोटक नहीं पाया गया।

Image

मऊ में ट्रेन में बम की सूचना से हड़कंप

Bomb Threat in Mau: मऊ जिले में मंगलवार को गोरखपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनल (मुंबई) जा रही ट्रेन में बम होने की सूचना से हड़कंप मच गया। ट्रेन के मऊ रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर पुलिस, राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को खाली कराया और बम निरोधक दस्ते की मदद से ट्रेन की सघन जांच शुरू करायी गयी।

पुलिस अधीक्षक इला मारन ने बताया कि आज सुबह साढ़े नौ बजे कंट्रोल रूम में एक फोन आया कि गोरखपुर से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनल जाने वाली काशी एक्सप्रेस में बम की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस, राजकीय रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम मऊ रेलवे स्टेशन पर पहुंची। जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर पहुंची, यात्रियों को ट्रेन से बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि हर बोगी की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। प्लेटफॉर्म संख्या एक और आसपास के इलाके को भी घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया है।

जांच में मिला एक संदिग्ध बैग

यह खबर लिखे जाने तक जांच में एक संदिग्ध बैग मिला था मगर उसमें भी कोई बम या ऐसी अन्य सामग्री नहीं पायी गयी। बहरहाल, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और जांच पूरी होने के बाद ही ट्रेन को आगे रवाना करने का फैसला लिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अचानक हुई इस कार्रवाई से यात्रियों में अफरा—तफरी का माहौल है। हालांकि प्रशासन द्वारा लगातार ऐलान करके लोगों से शांत और सुरक्षित रहने की अपील की जा रही है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article