शहर

दिल्ली MCD मेयर ऑफिस को बम की धमकी मिलने से मचा हड़कंप, अलर्ट मोड पर सुरक्षा एजेंसियां

दिल्ली नगर निगम (MCD) के मेयर कार्यालय को एक बम की धमकी वाला ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं और पूरे परिसर को खाली कराकर जांच शुरू कर दी गई। मौके पर बम निरोधक दस्ता और स्निफर डॉग की टीम द्वारा गहन तलाशी अभियान चलाया गया।

Image

एमसीडी मेयर ऑफिस को मिली बम की धमकी (प्रतिकात्मक फोटो)

MCD Mayor Office Bomb Threat: दिल्ली नगर निगम (MCD) के मेयर कार्यालय को गुरुवार को एक बम की धमकी वाला ईमेल मिला, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी। अधिकारियों के अनुसार यह धमकी भरा मेल सुबह महापौर कार्यालय के आधिकारिक ईमेल आईडी पर प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया और मौके पर बम निरोधक दस्ता तथा स्निफर डॉग की टीम को भेजा गया।

कार्यालय परिसर को कराया गया खाली

बताया जा रहा है कि इस धमकी के बाद पूरे कार्यालय परिसर को खाली कराकर एहतियातन घेराबंदी कर दी गई। एक एमसीडी अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा जांच के दौरान पूरे परिसर के सभी कमरों, आसपास के क्षेत्रों और प्रवेश द्वारों की गहन तलाशी ली गई। सुरक्षा कारणों से सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

पिछले महीने भी मिली थी धमकी

पिछले महीने दिल्ली के मेयर डॉ. राजा इकबाल सिंह को एक गंभीर बम धमकी वाला ईमेल प्राप्त हुआ था। यह ईमेल मेयर कार्यालय की आधिकारिक आईडी पर भेजा गया था, जिसमें कथित तौर पर खालिस्तान नेशनल आर्मी द्वारा उन्हें बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। ईमेल में स्पष्ट रूप से जिक्र किया गया था कि मेयर राजा इकबाल सिंह को निशाना बनाया जाएगा और इसमें एक निर्धारित समय 2:11 बजे पर विस्फोट की चेतावनी भी दी गई थी।

फर्जी साबित हुई थी धमकी

इस धमकी के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। उस समय मेयर कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया था। मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को भी तैनात किया गया। पुलिस ने ईमेल की तकनीकी जांच शुरू की, हालांकि समय बीतने के बाद यह धमकी फर्जी (होक्स) साबित हुई, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने इसे बेहद गंभीरता से लिया।

इससे पहले भी मिली चुकी हैं धमकियां

यह धमकी हाल के महीनों में दिल्ली में सामने आई बम धमकियों की एक सीरीज का हिस्सा प्रतीत होती है। फरवरी 2026 में दिल्ली के 9 से अधिक स्कूलों को भी इसी तरह की ईमेल धमकियां मिली थीं, जो कथित तौर पर खालिस्तान नेशनल आर्मी की ओर से भेजी गई थीं। इन ईमेल्स में "दिल्ली बनेगा खालिस्तान" जैसे संदेशों के साथ स्कूलों में 1:11 बजे विस्फोट करने और संसद पर हमले की चेतावनी जैसी बातें भी शामिल थीं। इसके अलावा जनवरी और मार्च 2026 के दौरान भी दिल्ली विधानसभा, स्पीकर कार्यालय और कई अन्य सरकारी संस्थानों को इसी तरह की धमकी भरी ईमेल्स प्राप्त हुई थीं। हालांकि पुलिस ने इनमें से अधिकांश मामलों को फर्जी (होक्स) घोषित किया, लेकिन हर बार सुरक्षा एजेंसियों को व्यापक स्तर पर जांच और सुरक्षा व्यवस्था करनी पड़ी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article