उज्जैन: जिले में शनिवार की सुबह देवास रोड स्थित ग्राम पिपलोदा में उस समय सनसनी मच गई, जब लोगों को पता चला कि पूर्व सरपंच रामनिवास कुमावत और उनकी पत्नी की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी तुरंत नरवर थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। चूंकि मामला बीजेपी नेता से जुड़े डबल मर्डर का था, इसीलिए पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे थे।
लूट की नीयत से घर में घुसे थे बदमाश!
बताया जाता है कि देवास रोड स्थित ग्राम पिपलोदा निवासी पूर्व सरपंच व भाजपा नेता रामनिवास कुमावत और उनकी पत्नी मुन्नीबाई शुक्रवार रात घर में अकेले थे। तभी अचानक लूट की नीयत से कुछ लोग घर में घुसे और उन्होंने रामनिवास और उसकी पत्नी की धारदार हथियारों से हत्या कर दी। घटनाक्रम की जानकारी शनिवार की सुबह हुई। वारदात की सूचना पर नरवर थाना प्रभारी मुकेश जारदार तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा और एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंचकर वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास कर रही है।
गोलीकांड नहीं धारदार हथियारों से हुई हत्या
उज्जैन में डबल मर्डर होने की चर्चा सुबह से ही चारों ओर फैल गई थी, जिसको लेकर अलग-अलग बातें भी कहीं जा रहीं थी। कोई कह रहा था कि दंपति को गोली मारी गई है तो कोई अन्य तरीके से मर्डर करने की बात कह रहे थे। लेकिन, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने बताया कि हत्याकांड धारदार हथियार से हुआ है। घटनास्थल पर कोई भी फायर नहीं हुआ है। लूट के बारे में आपने बताया कि अभी जांच चल रही है, जिसके बाद में ही इस बारे में आगे कुछ कहा जा सकेगा।
मकान में लगे थे सीसीटीवी कैमरे
जानकारी के मुताबिक, घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। पुलिस का मानना है कि कैमरे में कहीं ना कहीं आरोपी जरूर नजर आ रहे होंगे। लेकिन, अभी किसी ने इसके फुटेज देखे नहीं हैं। अगर, इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज मिलता है तो यह हत्याकांड को जल्द सुलझाया जा सकता है।
