शहर

बिहार विधान परिषद चुनाव: जदयू के बाद भाजपा ने भी जारी की उम्मीदवारों की सूची,पवन सिंह को भी बनाया उम्मीदवार

भाजपाने बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए चार उम्मीदवारों के नामों का एलान किया है। बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए भाजपा ने पवन सिंह, डॉ. संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित को उम्मीदवार बनाया गया है।

Image

बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए भाजपा ने किया उम्मीदवारों का एलान।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)ने बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने चार नामों को मंजूरी दी है। इनमें भोजपुरी फिल्म उद्योग के लोकप्रिय गायक और अभिनेता पवन सिंह का नाम सबसे अधिक चर्चा में है। भाजपा ने इस बार राजनीतिक अनुभव और सामाजिक प्रतिनिधित्व के साथ-साथ लोकप्रिय चेहरों पर भी भरोसा जताया है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने इस बाबत आधिकारिक बयान भी जारी किया है। इसके मुताबिक, बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव 2026 के लिए पवन सिंह, डॉ. संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित को उम्मीदवार बनाया गया है।

पवन सिंह भोजपुरी सिनेमा का बड़ा नाम

उम्मीदवारों में शामिल पवन सिंह भोजपुरी सिनेमा और संगीत जगत का एक बड़ा नाम हैं। उन्होंने अपनी गायकी और अभिनय के दम पर देशभर में करोड़ों प्रशंसकों के बीच खास पहचान बनाई है।

डॉ. संजय मयूख भाजपा के वरिष्ठ नेता

दूसरे उम्मीदवार डॉ. संजय मयूख भाजपा के वरिष्ठ और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। वह वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। साथ ही वह मौजूदा विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) भी हैं। पार्टी ने उनके अनुभव और संगठनात्मक योगदान को देखते हुए एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।

नाई समाज से आते हैं अनिल कुमार ठाकुर

सूची में शामिल तीसरे उम्मीदवार अनिल कुमार ठाकुर नाई समाज से आते हैं और वर्तमान में बिहार भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और सामाजिक आधार को ध्यान में रखते हुए उन्हें मौका दिया गया है।

महिला उम्मीदवार के रूप में शीला पंडित प्रजापति को मौका

वहीं, चौथी उम्मीदवार शीला पंडित प्रजापति बिहार भाजपा की प्रमुख महिला नेता और सामाजिक कार्यकर्ता हैं। वह वर्तमान में बिहार बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एससीपीसीआर) की सदस्य के रूप में कार्यरत हैं। महिला सशक्तीकरण और सामाजिक मुद्दों पर उनकी सक्रियता को देखते हुए भाजपा ने उन्हें भी चुनावी मैदान में उतारा है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article