शहर

पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियार तस्करी करने वाले नेटवर्क पर बीकानेर पुलिस का बड़ा प्रहार, तीन और आरोपी गिरफ्तार

पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए अंतरराष्ट्रीय सीमा पार अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ बीकानेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर संगठित तस्करी गिरोह के अहम कड़ियों तक पहुंच बनाई है।

Image

ड्रोन से हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : iStock

Bikaner News: पाकिस्तान से अंतरराष्ट्रीय सीमा के रास्ते ड्रोन के जरिए अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ बीकानेर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में सदर सीओ औऱ आईपीएस अधिकारी अनुष्का कालिया ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी ड्रोन से गिराई गई हथियारों की खेप को उठाकर आगे पहुंचाने का काम करते थे।

संगठित हथियार तस्करी गिरोह का हिस्सा

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी मुख्य हैंडलर सुखविंदर सिंह उर्फ सोनू के सीधे संपर्क में थे। उन्हें ड्रोन से गिराई गई खेप तक पहुंचने के लिए सटीक लोकेशन और आवश्यक निर्देश दिए जाते थे। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क सीमा पार से संचालित एक संगठित हथियार तस्करी गिरोह का हिस्सा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण सिंह, गुरकीरत सिंह और अवतार सिंह के रूप में हुई है। इनमें से दो आरोपियों पर पहले से एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं, जबकि एक आरोपी पहले भी ड्रोन के जरिए गिराई गई खेप को उठाने की गतिविधियों में शामिल रह चुका है।

जांच में और क्या आया सामने?

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ सोनू से पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पंजाब के जलालाबाद और अबोहर क्षेत्र में दबिश देकर इन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी तय स्थानों से हथियारों की खेप उठाकर उन्हें नेटवर्क से जुड़े लोगों तक पहुंचाते थे। जांच के दौरान सुखविंदर के रिश्तेदार अवतार सिंह की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। उसे प्रोडक्शन वारंट के जरिए हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पूरे नेटवर्क की पड़ताल जारी

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सीमा पार मौजूद संपर्कों की भी गहन जांच कर रही है। इस कार्रवाई को आईपीएस अनुष्का कालिया के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। अभियान में एएसआई बाबूलाल यादव, एएसआई महावीर सिंह, एफसी हरफूल समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article