Women Special Leave Bihar: बिहार में NDA सरकार ने महिला कर्मियों के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार (Bihar NDA Government) ने संविदा, बेल्ट्रान और आउटसोर्सिंग के तहत काम करने वाली महिलाओं को हर महीने दो दिन की विशेष छुट्टी देने का निर्णय किया है। इस फैसले से राज्य की करीब डेढ़ लाख से ज्यादा महिला कर्मियों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है। बताया जा रहा है कि इस तरह की सुविधा देने वाला बिहार देश का पहला राज्य बन सकता है।
सरकार का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब हाल ही में संविदा महिला कर्मियों की ड्यूटी को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। दरअसल, मुख्य सचिव के एक पत्र के बाद यह मामला चर्चा में आया था। आरोप लगाया गया कि नियमित महिला कर्मचारियों की ड्यूटी शाम 5 बजे तक खत्म हो जाती है, जबकि संविदा और आउटसोर्सिंग पर काम करने वाली महिलाओं को शाम 6 बजे तक काम करना पड़ रहा था। इसे लेकर कई कर्मचारी संगठनों और महिला कर्मियों ने नाराजगी जताई थी।
हर महीने दो दिनों की स्पेशल लीव से महिलाओं को मिलेगी राहत
अब सरकार ने महिलाओं को राहत देने के लिए विशेष अवकाश देने का फैसला किया है। इस योजना के तहत हर महीने दो दिनों की स्पेशल लीव मिलेगी। माना जा रहा है कि इससे कामकाजी महिलाओं को मानसिक और शारीरिक राहत मिलेगी। खासकर उन महिलाओं को फायदा होगा जो नौकरी के साथ परिवार की जिम्मेदारियां भी संभालती हैं। सरकार का कहना है कि महिला कर्मियों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। राज्य में बड़ी संख्या में महिलाएं संविदा और आउटसोर्सिंग व्यवस्था के तहत अलग-अलग विभागों में काम कर रही हैं।
फैसला महिला कर्मचारियों के लिए सकारात्मक कदम
लंबे समय से इन कर्मचारियों की सुविधाओं और कार्य परिस्थितियों को बेहतर बनाने की मांग उठ रही थी। इस फैसले को महिला कर्मचारियों के लिए सकारात्मक कदम माना जा रहा है। कई लोगों का कहना है कि इससे महिलाओं का मनोबल बढ़ेगा और कार्यस्थल पर उन्हें बेहतर माहौल मिलेगा। साथ ही अन्य राज्यों पर भी महिला कर्मचारियों के लिए ऐसी सुविधाएं लागू करने का दबाव बढ़ सकता है। बिहार सरकार का यह निर्णय अब पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है।
