बिहार में आज का मौसम (31 May 2026): बिहार में मौसम इन दिनों दोहरे रंग दिखा रहा है। कहीं आंधी-बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है, तो कहीं तीखी धूप लोगों को सता रही है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार के लिए पूर्वानुमान जताया है कि पटना सहित बिहार के ज्यादातर भागों में आज आंशिक बादल छाए रहेंगे। हालांकि, यह राहत बहुत ही कम समय के लिए है क्योंकि मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार रविवार से दो जून के बीच बिहार में भारी तपन और उमस होने वाली है।
बिहार में आज भी आएगी आंधी-बारिश
19 जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात का आखिरी अलर्ट
बिहार इस समय प्री-मानसून के अंतिम दौर से गुजर रहा है. मौसम विभाग ने आज यानी रविवार के लिए राज्य के 19 जिलों में मेघगर्जन, बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
उत्तर और मध्य बिहार के पटना, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, सारण, सीवान, गोपालगंज, भोजपुर और बक्सर जिले में आज अलर्ट है। पश्चिम और दक्षिण बिहार के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, गया, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय में येलो अलर्ट है। इसके अलावा शिवहर, सीतामढ़ी, अररिया, कटिहार और पूर्णिया जिलों में भी कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और आंधी-पानी की चेतावनी है।
क्यों बदलेगा मौसम? जानिए वैज्ञानिक कारण
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) बना हुआ है, जो नॉर्थ-वेस्ट की तरफ झुक रहा है। इसके बावजूद, अब बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क और साफ रहने की उम्मीद है। आसमान साफ होते ही धूप का प्रभाव बढ़ेगा, जिससे तापमान में तेजी से उछाल आएगा। 1 जून को जरूर कुछ उत्तर-पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी इलाकों में छिटपुट जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन इसका कोई बड़ा असर नहीं दिखेगा।
जून का पहला हफ्ता रहेगा बेहद गर्म
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आ रही पूर्वी हवाओं के कारण नमी का प्रवाह जारी रहेगा। नमी और बढ़ती गर्मी के कारण हवा में उमस का स्तर काफी बढ़ जाएगा। राज्य में गर्मी का प्रकोप चरम पर देखने को मिलेगा और ज्यादातर जगहों पर मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। जून के पहले सप्ताह में सूरज की तपिश इस कदर बढ़ेगी कि 4 जून तक दिन का पारा 37 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार कर जाएगा।
जून 2026 में सताएगी भीषण हीटवेव
IMD द्वारा जारी मासिक पूर्वानुमान के मुताबिक, जून 2026 में बिहार में सामान्य से कहीं अधिक गर्मी पड़ने वाली है। विशेष रूप से दक्षिण बिहार के जिलों में भीषण लू (Heatwave) चलने की स्थिति पैदा होगी. इससे पहले मई महीने में भी कैमूर, रोहतास और छपरा जैसे जिलों में पारा 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच चुका था. आगामी दिनों में राजधानी पटना समेत कई प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे पार जाने की पूरी आशंका जताई गई है।
पिछले 24 घंटों का तापमान विश्लेषण
शनिवार (30 मई) को राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान नियंत्रित रहा और पारा 38 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. पटना के अधिकतम तापमान में शनिवार को 6 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई और यह 32.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. वहीं 37.1 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर (भभुआ) राज्य का सबसे गर्म जिला रिकॉर्ड किया गया। अब आगे की मौसमी स्थिति पूरी तरह से मानसून की प्रगति और बंगाल की खाड़ी में बनने वाले नए सिस्टम पर निर्भर करेगी।
