बिहार में आज का मौसम (20 Feb 2026): बिहार में अजब-गजब मौसम चल रहा है। दिन में इस कदर तेज धूप निकल रही है कि लोगों के अभी से पसीने छूटने लगे हैं, तो वहीं रात होते-होते तापमान लुढ़कने से मौसम ठंडा हो जा रहा है। जिससे लोगों को कंबल का सहारा लेना पड़ रहा है। प्रदेश में सुबह और रात के समय ऐसा ही आलम देखने को मिल रहा है, जहां लोगों को कंबल ओढ़ने के साथ पंखे का भी सहारा लेना पड़ रहा है। बिहार में फरवरी खत्म होने से पहले ही तापमान 30 डिग्री के ऊपर पहुंच चुका है। गुरुवार को प्रदेश में सबसे गर्म जिला मोतिहारी रहा, जहां का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आज बिहार का मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार बिहार में आज मौसम साफ रहने की संभावना है। कहीं भी बारिश होने या बादल छाने की कोई संभावना नहीं है। दिन में तेज धूप भी खिली रहेगी। जिससे गर्मी का एहसास हो सकता है। प्रदेश में आज अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 12 से 16 डिग्री सेल्सियस के करीब बने रहने की संभावना है।
बिहार में अगले 7 दिन मौसम का हाल
आईएमडी के अनुसार अगले 7 दिन बिहार में मौसम शुष्क ही बने रहने का पूर्वानुमान है। मार्च की शुरुआत से गर्मी का प्रभाव भी बढ़ने के आसार हैं। इस बार सामान्य से पहले गर्मी पड़ने की भी संभावना जताई जा रही है। फिलहाल बिहार के दक्षिण और मध्य भागों में दिन का पारा तेजी से बढ़ा है। हालांकि रात के तापमान में बढ़ोत्तरी तो दर्ज हो रही है, लेकिन कनकनी अभी खत्म नहीं हुई है। इस वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बड़ा अंतर महसूस हो रहा है।
बिहार में गुरुवार को सबसे ठंडा जिला किशनगंज रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस दौरान 9 जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। शेष अन्य जिलों में दिन का तापमान 28 से 33 डिग्री के बीच बना रहा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में यह स्थिति प्री-समर ट्रांजिशन फेज का संकेत है, जब ठंड तेजी से विदा होती है और गर्मी का आगमन होने लगता है।
