बिहार में आज का मौसम (04 March 2026): बिहार समेत देश के कई हिस्सों में गर्मी तेजी से पैर पसार रही है। होली से पहले ही इस बार तेज गर्मी पड़ने लगी है। दिन में चिलचिलाती धूप निकल रही है और तापमान भी 34 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। मंगलवार को बिहार में सबसे गर्म जिला बांका रहा, जहां का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आज होली का पर्व बिहार समेत देशभर में लोग धूम-धाम से मना रहे हैं। ऐसे में लोगों को यह रंगों का त्योहार आज भी चिलचिलाती धूप में मनाना पड़ेगा या मौसम कुछ मेहरबान होगा, आइए जानते हैं।
बिहार में आज मौसम का हाल
बिहार में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आज सुबह से ही धूप खिली रहेगी। मौसम साफ रहने के कारण दिन चढ़ने पर धूप भी तीखी हो जाएगी। जिससे खुले में होली खेलने पर गर्मी परेशान कर सकती है। बिहार में आज अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 14 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज होने की संभावना है।
आईएमडी के अनुसार इस पूरे हफ्ते बिहार में मौसम शुष्क ही बने रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं बादल छाने या बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। दिन में कड़ी धूप निकली रहेगी, जिससे गर्मी का एहसास भी बढ़ेगा और तापमान में भी बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इस साल अधिक गर्मी पड़ने की संभावना जताई जा रही है। अभी से ही राज्य में अप्रैल-मई जैसी गर्मी का एहसास हो रहा है। धूप तो इतनी तेज हो गई है, कि दोपहर में बाहर निकलना अभी से मुश्किल होने लगा है। मार्च से मई तक जिलों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक ही बना रहेगा।
