Bihar Government Helpline for Migrant Workers: खाड़ी देशों में बढ़ते युद्ध जैसे हालात को देखते हुए बिहार सरकार ने वहां कार्यरत प्रवासी कामगारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग ने नई दिल्ली स्थित बिहार भवन से एक विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। विभाग के सचिव दीपक आनंद ने दिल्ली के बिहार भवन से 7217788114 हेल्पलाइन नंबर की घोषणा की है। इस नंबर के जरिए से विदेशों में रह रहे बिहार के प्रवासी नागरिकों और उनके परिजनों को समय पर जानकारी और सहायता प्रदान की जाएगी।
किसी भी समस्या, जानकारी या सहायता के लिए संपर्क
हेल्पलाइन की घोषणा करते हुए दीपक आनंद ने कहा कि बिहार सरकार अपने राज्य के नागरिकों और श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उन्होंने बताया कि मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि आपात स्थिति में कोई भी प्रवासी बिहारी खुद को असहाय न महसूस करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस हेल्पलाइन के जरिए प्रवासी कामगार अपनी किसी भी समस्या, जानकारी या सहायता के लिए संपर्क कर सकते हैं। विभाग की टीम चौबीसों घंटे स्थिति पर नजर रखेगी और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करेगी।
प्रवासी कामगारों के परिजनों से किया गया अनुरोध
दीपक आनंद ने आगे कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य विदेशों में कार्यरत बिहार के श्रमिकों की सुरक्षा, गरिमा और आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करना है। उन्होंने प्रवासी कामगारों के परिजनों से अनुरोध किया कि यदि उनके परिवार का कोई सदस्य खाड़ी देशों में काम कर रहा है और किसी कठिनाई का सामना कर रहा है, तो वे बिना संकोच इस हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। बिहार सरकार का मानना है कि आपात परिस्थितियों में इस तरह की पहल से न केवल सुरक्षा का भरोसा मिलता है, बल्कि प्रवासी श्रमिकों और उनके परिवारों का विश्वास भी मजबूत होता है। बिहार सरकार ने आश्वासन दिया है कि हर जरूरतमंद प्रवासी तक सहायता पहुंचाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
(इनपुट - आईएएनएस)
