Bihar Air Pollution: दिल्ली-एनसीआर के साथ ही अब बिहार में भी हवा जहरीली हो गई है। सर्दियों में एक बार फिर से कई शहरों में बढ़ता हुआ वायु प्रदूषण चिंता का विषय बन गया है। बिहार में राजधानी पटना समेत सात शहरों में एयर क्वालिटी में गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को आरा, हाजीपुर, बिहारशरीफ, राजगीर, बक्सर और समस्तीपुर में एयर क्वालिटी खराब स्तर पर पहुंच गई। इन शहरों में 200 से 300 के बीच एक्यूआई दर्ज किया गया।
बिहार के किस शहर में सबसे प्रदूषित हवा
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, बिहार में शुक्रवार को कम से कम सात शहरों में एयर क्वालिटी खराब श्रेणी में पहुंच गई। इस दौरान सबसे अधिक एक्यूआई आरा 266 दर्ज किया गया।वहीं बिहार शरीफ और राजगीर में एक्यूआई 261 रहा। इसके अलावा समस्तीपुर में 258, बक्सर में 229 पटना में 217 और हाजीपुर 229 एक्यूआई दर्ज किया गया। विशेषज्ञों के अनुसार हवा की स्पीड कम होने और तापमान में गिरावट के कारण इन शहरों में एयर क्वालिटी में गिरावट आई है।
पटना में कितना रहा एक्यूआई
पटना में शुक्रवार को औसत एक्यूआई 217 दर्ज किया गया। इस दौरान कई इलाकों में एक्यूआई 300 के ऊपर भी पहुंच गया। सबसे प्रदूषित इलाका वेटनरी मैदान रहा। जहां का एक्यूआई 343 दर्ज किया गया। जिसे बेहद खराब श्रेणी में माना जाता है। इसके अलावा गांधी मैदान में 164 एक्यूआई रहा। हालांकि पटना सिटी में हवा की स्थिति बेहतर दर्ज की गई, यहां एक्यूआई 90 रिकॉर्ड हुआ, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है।
सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, 0 से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’ और 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’ माना जाता है। इसके अलावा 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 ‘खराब’, 301 से 400 ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर’ माना जाता है।
