आपदा से पहले अलर्ट! अब मोबाइल फोन में मिलेगी भूकंप की चेतावनी, उत्तराखंड में 'भूदेव' ऐप लॉन्च

Bhudev App in Uttarakhand: उत्तराखंड आपदा प्रबंधन ने राज्य में भूदेव ऐप को लॉन्च कर दिया है। यह ऐप भूकंप आने से पहले लोगों के मोबाइल फोन में अलर्ट मैसेज भेजेगा। इसे उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और आईआईटी रुड़की द्वारा मिलकर बनाया गया है।

Bhudev App in Uttarakhand: उत्तराखंड में अब भूकंप आने से पहले लोगों को चेतावनी मिल सकेगी। इसके लिए उत्तराखंड आपदा प्रबंधन विभाग ने भूदेव ऐप लॉन्च किया है। दावा है कि ये ऐप 5 या उससे अधिक तीव्रता वाले भूकंप से पहले ही अलर्ट जारी कर देगा। यह जानकारी राज्य के आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने दी। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड, जो भूकंप के जोन-04 और जोन-05 में आता है, वहां इस तरह की अर्ली वार्निंग सिस्टम की सख्त जरूरत थी। इसे मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं।

earthquake alert

सांकेतिक फोटो

ऐप के जरिए आएगा अलर्ट मैसेज

सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि यह सिस्टम उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) और आईआईटी रुड़की ने मिलकर विकसित किया है। यह देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां भूकंप की अग्रिम चेतावनी देने वाला सिस्टम शुरू किया गया है। इसकी शुरुआत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की थी। भूदेव ऐप को लोग अपने मोबाइल फोन पर डाउनलोड कर सकते हैं। जैसे ही 5 या उससे अधिक तीव्रता का भूकंप आएगा, ऐप के जरिए अलर्ट मैसेज भेजा जाएगा। इससे लोग पहले से सतर्क होकर अपनी जान और माल की रक्षा कर सकेंगे। उनके मुताबिक, इस सिस्टम को और प्रभावी बनाने के लिए राज्य भर में सेंसर और सायरन की संख्या बढ़ाई जा रही है। अभी तक प्रदेश में 177 सेंसर और 192 सायरन लगाए गए हैं। इसके अलावा, 500 नए सेंसर और 1000 अतिरिक्त सायरन लगाने का काम तेजी से चल रहा है।

End of Feed