भोपाल

MP: घोटालों के खिलाफ युवा कांग्रेस ने खोला मोर्चा, विरोध प्रदर्शन; पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

मध्य प्रदेश के रीवा में पुलिस ने नीट में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और राज्य के नर्सिंग घोटाले के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछारें छोड़ी और आंसू गैस के गोले दागे।

Image

एमपी में कांग्रेस का प्रदर्शन

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

रीवा: मध्य प्रदेश में घोटालों को लेकर सत्ता और विपक्ष आमने-सामने रहे हैं। इसी क्रम में रीवा में नीट में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और राज्य के नर्सिंग घोटाले के मुद्दे ने एक बार फिर जोर पर पकड़ लिया है। इसी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछारें छोड़ी और आंसू गैस के गोले दागे। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हाल में हुई उस घटना के खिलाफ भी विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें शनिवार को असामाजिक तत्वों ने निजी भूमि पर सड़क बनाने का विरोध कर रही दो महिलाओं को मुरुम (मिट्टी) में आधा दबा दिया था।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने छोड़ी पानी की बौछारें

रीवा के पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि प्रशासन के आदेशों का पालन नहीं करने के कारण कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। बैरिकेड पर चढ़ने की कोशिश करने वालों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि उनके पास विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं थी तथा उन्हें तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया गया और आंसू गैस के गोले दागे गए।

इन मुद्दो को लेकर प्रदर्शन

युवक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास ने कहा कि नीट परीक्षा में कथित अनियमितताएं, पेपर लीक और नर्सिंग घोटाला मध्य प्रदेश को “सभी घोटालों की नर्सरी” जैसा बना देता है। उन्होंने कहा,“व्यापम, नर्सिंग और पटवारी भर्ती जैसे घोटाले यहीं से शुरू हुए। प्रदीप जोशी, जो एनटीए के अध्यक्ष हैं, के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई और उन्हें पदोन्नत कर दिया गया। श्रीनिवास ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई में कई प्रदर्शनकारी घायल हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन विरोध प्रदर्शन की अनुमति के मुद्दे पर झूठ बोल रहे हैं। श्रीनिवास ने यह भी दावा किया कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को दिल्ली से रिमोट द्वारा नियंत्रित किया जा रहा है। विरोध रैली में भाग लेने वाले कांग्रेस विधायक और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश को “घोटालों की प्रयोगशाला” बना दिया है। प्रदर्शनकारियों में मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन भी शामिल थे।

(इनपुट-भाषा)

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article