Ujjain Rape Case: मध्य प्रदेश के उज्जैन के आगर नाका क्षेत्र में कबाड़ बीनने वाली एक महिला को जबरन शराब पिलाकर उसके साथ रेप करने का मामला सामने आया है। कोतवाली क्षेत्र के नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) ओम प्रकाश मिश्रा ने कहा कि यह घटना तब सामने आई, जब अज्ञात व्यक्तियों द्वारा बनाया गया रेप का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। उन्होंने कहा कि यह घटना बुधवार की है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपी ने शराब पिलाकर किया रेप
पुलिस अधिकारी मिश्रा ने कहा बताया कि आरोपी लोकेश ने पीड़िता से शादी करने का वादा किया, उसे शराब पिलाई और फिर उससे रेप किया। कुछ लोग जो वहां से गुजर रहे थे, उन्होंने अपराध को रोकने के बजाय घटना का वीडियो बनाया। बाद में लोकेश मौके से भाग गया। उन्होंने बताया कि नशा उतरने पर महिला ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद लोकेश को गिरफ्तार कर लिया गया।
कांग्रेस ने साधा निशाना
वहीं, इस मामले को लेकर मध्य प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि धर्म नगरी उज्जैन एक बार फिर कलंकित हुई है। इस बार भी काला टीका कानून-व्यवस्था के माथे पर ही लगा है। उन्होने कहा कि अगर मुख्यमंत्री के गृह नगर का यह हाल है, तो बाकी प्रदेश के हालात आसानी से समझा जा सकता है। दलित और आदिवासी महिलाओं के साथ लगातार हो रहे अत्याचार को भी महसूस किया जा सकता है।
कचरा बीनने वाली महिला से रेप
आपको बता दें कि सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र के कोयला फाटक के पास शराब की दुकान के पास इस घटना को अंजाम दिया गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वायरल वीडियो बुधवार शाम का बताया जा रहा है, जिसमें एक युवक महिला से अश्लीलता करते हुए दिखाई दे रहा है। आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर महिला को शराब पिलाई और उसके बाद रेप किया और फिर धमकी देकर फरार हो गया।
