भोपाल

जो कांग्रेसी कभी राम जी को काल्पनिक मानते थे, वे आज कथाएं करा रहे हैं- CM शिवराज का कमलनाथ पर तंज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 8, 2023, 09:56 PM IST

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश इन दिनों प्रगति के नए आयामों को छू रहा है। प्रदेश में विकास पर्व चल रहा है। लगातार लोकार्पण और शिलान्यास हो रहे हैं। सीएम शिवराज ने कहा कि अब तक 7245 करोड़ की 15 सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण किया है।

Image

एक कार्यक्रम को दौरान एमपी सीएम शिवराज सिंह चौहान

Photo : Twitter

भोपाल: जो कांग्रेस भगवान राम को काल्पनिक कहती थी जो कांग्रेस नेता राम जी का नाम लेने से परहेज करते थे वहीं कांग्रेसी (कमल नाथ) आज राम कथा, हनुमान कथा करवा रहे हैं। कांग्रेस नेता यह सब कुछ चुनाव के लिए करवा रहे हैं। यह कांग्रेस की चुनावी भक्ति है। उनके अंदर ही अंदर अंतर्द्वंद मचा हुआ है। यह बातें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कही। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान नीति आयोग द्वारा जारी रिपोर्ट पर प्रबुद्धजनों से चर्चा कर रहे थे।

प्रगति के नए अध्याय लिख रहा प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश इन दिनों प्रगति के नए आयामों को छू रहा है। प्रदेश में विकास पर्व चल रहा है। लगातार लोकार्पण और शिलान्यास हो रहे हैं। सीएम शिवराज ने कहा कि अब तक 7245 करोड़ की 15 सिंचाई परियोजनाओं का लोकार्पण किया है। 36348 करोड़ रुपए की 13 सिंचाई योजनाओं का भूमि पूजन किया गया है। 83 सीएम राइज स्कूलों का प्रारंभ हो रहा है। नए स्वीकृत मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास का कार्यक्रम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग और सड़क निर्माण के 21900 करोड़ रुपए के 1207 कार्यों का भूमि पूजन भी संपन्न हो रहा है। अमृत योजना के अंतर्गत शहरी पेयजल परियोजनाओं के लिए 3000 करोड रुपए की राशि खर्च की जा रही है। जल जीवन मिशन के अंतर्गत 28471 करोड रुपए के 15450 समूह पेयजल परियोजनाओं का भूमि पूजन जैसे अनेक विकास के काम किए जा रहे हैं।

फिर विकास की सौगात देने आ रहे प्रधानमंत्री

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अभी पूरे प्रदेश में संत रविदास समरसता यात्राएं चल रही है। आपको ध्यान होगा संत रविदास जी की जयंती के अवसर पर सागर में ही आयोजित कार्यक्रम में हमने यह घोषित किया था कि सागर जिले में सागर के पास बडतुमा में संत रविदास जी का लगभग 100 करोड रुपए की लागत का भव्य मंदिर विशाल स्मारक बनेगा। 12 तारीख को ही सागर बडतुमा में होगा। वही संत रविदास जी के स्मारक का भूमि पूजन करने स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ रहे हैं।

कांग्रेस कंफ्यूज है, मजबूर है

कमलनाथ द्वारा छिंदवाड़ा में कराई जा रही कथा पर चुटकी लेते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जो लोग कभी राम भगवान का नाम लेने से परहेज करते थे, काल्पनिक मानते थे। आज वो कथाएं करा रहे हैं। अब यह करने के लिए मजबूर हैं क्योंकि चुनाव आ रहे हैं। यह कांग्रेस की चुनावी भक्ति है। उनके अंदर ही अंदर अंतर्द्वंद मचा हुआ है। कमल नाथ सोच रहे हैं, मैं इधर जाऊं या उधर जाऊं; बड़ी मुश्किल है किधर जाऊं..? मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तो उनके एक नेता ने ही कह दिया है, कि मुख्यमंत्री कौन बनना चाहिए? उनके तो नेता होने पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं। अब मुझे लग रहा है कि वह नेता का दावा पुख्ता करने के लिए कथाओं के आयोजन में भी लग गए है।

राहुल को खुद पर विश्वास नहीं

सीएम शिवराज ने कहा कि राहुल गांधी को अपने आप पर विश्वास नहीं है। वो अविश्वास प्रस्ताव लाए थे और बोलते हुए जिस तरह की हरकत राहुल जी ने की थी। अब उसका मैं वर्णन नहीं कर सकता। उसका गवाह पूरा देश था। इस अविश्वास प्रस्ताव में कांग्रेस भी जानती है, कोई दम नहीं है। देश का विश्वास नरेंद्र मोदी में है। जो अविश्वास प्रस्ताव ला रहे हैं उनका सबसे ज्यादा अविश्वास एक दूसरे पर ही है।

विकास की फैक्ट्री बना मध्य प्रदेश

प्रदेश के विकास के बारे में चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश में बीपीसीएल की रिफाइनरी 2011 से कार्यरत है। अब उसका विस्तारीकरण करके पेट्रोकेमिकल का निर्माण भी किया जाएगा। बीपीसीएल इस परियोजना पर लगभग 50 हजार करोड़ रूपया खर्च करेगी। मध्य प्रदेश सरकार से कई टैक्स में छूट और सुविधाएं जो बीपीसीएल ने मांगी थी, वह हमने सारी दे दी है।

प्रधानमंत्री करेंगे बिना रिफायनरी का विस्तारीकरण

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अब बीना रिफायनरी के विस्तारीकरण का समय आ गया है, इसलिए प्रधानमंत्री जी के शुभ हाथों से विस्तारीकरण के काम का भी शिलान्यास, भूमि पूजन करवाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भी इस अवसर पर प्रधानमंत्री जी मोरी-कोरी विदिशा, हिनोतिया पैकेज एक फोरलेन का तथा हिनोतिया से मेहलुआ पैकेज-2, 2 लेन की सड़कों का भूमिपूजन भी करेंगे। लगभग 1000 करोड़ रुपए की लागत का होगा, लगभग 47 किलोमीटर का मार्ग बनेगा। इसके कारण मध्य भारत क्षेत्र में बेहतर संपर्क के साथ-साथ हमारी विश्व धरोहर सांची के बुद्ध स्तूप, अशोक स्तंभ और उदयगिरि की चट्टानों को काटकर बनाए गए गुफा मंदिरो तक पर्यटक आसानी से पहुंच सकेंगे।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article