भोपाल

'एमपी देश में बड़ी छलांग लगाएगा' बोले उपराष्ट्रपति धनखड़, कृषि उद्योग समागम में 86 विकास कार्यों का किया भूमि-पूजन

एमपी के नरसिंहपुर में आज कृषि उद्योग समागम 2025 का आयोजन किया गया। जिसमें देश के उपराष्ट्रपति के साथ सीएम मोहन यादव और राज्य के राज्यपाल शामिल रहे। इस दौरान उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि सीएम मनमोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश देश में बड़ी छलांग लगाएगा।

MP News (5)

'एमपी देश में बड़ी छलांग लगाएगा' बोले उपराष्ट्रपति धनखड़

MP: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में आज यानी सोमवार, 26 मई को कृषि उद्योग समागम-2025 का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर देश के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शामिल हुए थे। इस बीच लोगों को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के लिए कहा कि 'मनमोहक हैं सीएम डॉ. मोहन यादव' है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सीएम के नेचृच्व में मध्य प्रदेश सबसे बड़ी छलांग लगाएगा। कृषि उद्योग समागम कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल थे। कार्यक्रम के दौरान उपराष्ट्रपति धनखड़ ने 116 करोड़ की लागत के 86 विकास कार्यों का भूमि-पूजन भी किया।

उपराष्ट्रपति का इलाके से खास लगाव

कृषि उद्योग समागम-2025 की शुरुआत उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने दीप प्रज्ज्वलन और कन्या पूजन की गई। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल लोगों को संबोधन करते हुए कहा कि "मेरा इस क्षेत्र से लगाव बहुत पुराना है।" इसकी शुरुआत 2004 के आसपास हुई। मेरे मामा की पोती का यहां ससुराल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की वजह से कृषि उद्योग समागम जैसा कार्यक्रम देखने को मिला है। देश का हर राज्य इसका अनुकरण करेगा। किसानों को कृषि से बहुत लगाव होना चाहिए। एमपी की इस पहल को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। ऑपरेशन सिंदूर के बारे में अपने विचार व्यक्त करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि आज पूरा देश राष्ट्र भावना से ओतप्रोत है। पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट हो गया है। ऑपरेशन सिंदूर का लोहा पूरी दुनिया ने माना है।

उपराष्ट्रपति ने कहा 'किसानों का जीवन बेहतर कर रहे सीएम यादव'

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने अपने संबोधन में कहा कि "विकसित भारत का रास्ता किसान के खेत से जाता है, विकसित भारत का रास्ता गांव से निकलता है, विकसित भारत की कुंजी किसान के पास है।" वह आगे कहते हैं कि उन किसान को सीएम मोहन यादव आगे बढ़ा रहे हैं। उनके इस प्रयास से अर्थव्यवस्था में बहुत बड़ा उछाल आएगा। पूरे देश में विकसित भारत के लिए महायज्ञ चल रहा है। यह महायज्ञ हर किसी की आहुति मांगता है। सबसे निर्णायक आहुति किसान की है। इसे लेकर मेरे किसान भाई पूरी तरह सजग हैं।

उन्होंने आगे कहा कि "यह लक्ष्य हम हासिल करके रहेंगे। मैं किसान भाइयों से अपील करूंगा कि आप अपने आपको उत्पाद तक सीमित न रखिए, आपको इसकी मार्केटिंग से जुड़ना चाहिए। किसान को व्यापार-उद्योग में आना चाहिए, तभी उसकी तरक्की होगी। मैं मानकर चलता हूं कि मध्य प्रदेश में किसान-उद्यमी ज्यादा से ज्यादा होंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति कहते हैं कि "किसानों की राष्ट्रभक्ति और मेहनत से हम विकसित राष्ट्र का लक्ष्य 2047 से पहले ही हासिल कर लेंगे।"

नरसिंहपुर जिले में किसानों की अलग पहचान है

कृषि उद्योग समागम 2025 कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा कि मां नर्मदा के आशीर्वाद से आज भगवान नरसिंह के नाम की इस नगरी की अलग ही छवि दिखाई दे रही है। सच्चे अर्थों में ये हमारा पूरा प्रदेश शस्य-श्यामला है। सीएम मोहन यादव कहते हैं कि कृषि के अलग-अलग सेक्टर में पूरे प्रदेश की अलग पहचान है। उसमें भी पूरा प्रदेश एक तरफ और नरसिंहपुर एक तरफ है। जिले में उगने वाले अनाज पर सीएम ने चर्चा करते हुए कहा कि "यहां की तुअर दाल, यहां की प्राकृतिक खेती, यहां के उन्नत किसान मध्य प्रदेश ही नहीं, पूरे देश में अपनी अलग पहचान रखते हैं। इस स्थान पर मां नर्मदा की विशेष कृपा है। यहां उच्च गुणवत्ता वाली हर प्रकार की फसल के लिए एक विशेष व्यवस्था है।"

सीएम कहते हैं कि सरकार बनने के बाद उन्होंने कई सेक्टरों में काम किया है। ये मध्य प्रदेश वो धरती है, जो नदियों का मायका है। उन्होंने कहा कि जितनी नदियां मध्य प्रदेश में हैं, शायद ही उतनी नदियां कहीं और हैं। यहां के जंगल, यहां की चट्टान, यहां का सौंदर्य अलग ही हैं। सीएम कहते हैं कि यहां की नदियां न केवल मध्य प्रदेश, बल्कि अन्य राज्यों को भी लाभ पहुंचाती हैं। मध्य प्रदेश के विकास में सबसे बड़ा आशीर्वाद मां नर्मदा का है। हम अगर किसी और राज्य में जाएं तो गर्मी के समय खेत खाली मिलेंगे, लेकिन जहां-जहां मां नर्मदा हैं, वहां खेतों में हरियाली मिलेगी।

केन-बेतवा नदी परियोजना से बदलेगा यूपी और एमपी का माहौल

सीएम मोहन यादव कहते है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केन-बेतवा नदी परियोजना से मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड का माहौल बदलने वाला है। इसके साथ ही पार्वती-कालीसिंध-चंबल नदियों के जुड़ने से एमपी के साथ राजस्थान को भी लाभ मिलेगा। इसके बाद सीएम ने बताया कि गेहूं उपार्जन के मामले में एमपी दूसरे स्थान पर है। इस क्षेत्र में प्रदेश को 30 लाख करोड़ का निवेश मिला है। इससे करीब 22 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।

मिशन ज्ञान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम मिशन ज्ञान (गरीब-युवा-अन्नदाता-नारी शक्ति) पर काम कर रहे हैं। साल 2002-03 तक प्रति व्यक्ति आय केवल 11 हजार रुपये थी, जबकि 2025 में प्रति व्यक्ति आय 1 लाख 52 हजार हुई है। हम 90 फीसदी अनुदान देकर किसानों को सोलर पंप देंगे। सीएम कहते हैं कि उनकी पार्टी किसानों के जीवन की बेहतरी के लिए काम कर रही है। किसान खेती के लिए जो भी औजार या यंत्र खरीदना चाहते है, उसमें सरकार उनकी मदद करेगी। एमपी सरकार नरसिंहपुर में 102 हेक्टेयर में इंडस्ट्रियल पार्क विकसित कर रही है। साथ ही यहां एयर एंबुलेंस, साइबर तहसील की शुरुआत की गई है। सीएम ने बताया कि यहां राहवीर योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत, घायल को अस्पताल ले जाने वाले लोगों को राज्य सरकार 25 हजार रुपये देगी।

varsha kushwaha
varsha kushwaha author

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्... और देखें

End of Article