भोपाल

Ujjain: महाकाल मंदिर के प्रसाद पैकेट का बदलेगा कवर, नहीं होगी ओम-शिखर की फोटो

Ujjain Mahakal Mandir: उज्जैन में महाकाल मंदिर के प्रसाद पैकेट पर अब मंदिर के शिखर और ओम की फोटो नहीं होगी। पैकेट के नए कवर की डिजाइन को बदला जाएगा। जिसके बाद नए प्रसाद पैकेट तैयार होंगे। रविवार को मंदिर प्रबंध समिति ने बैठक में यह फैसला किया।

Image

उज्जैन का महाकालेश्वर मंदिर

Ujjain Mahakal Mandir: उज्जैन में महाकाल मंदिर के प्रसाद पैकेट का कवर बदला जा रहा है। पैकेट के नए कवर पर मंदिर के शिखर और ओम की तस्वीर को हटाया दिया जाएगा। वर्तमान प्रसाद के पैकेट पर बने मंदिर के शिखर और ओम पर आपत्ति जताई गई थी। जिसके चलते इसे कवर से हटाया जा रहा है। मंदिर प्रबंध समिति ने रविवार को बैठक में फैसला लिया है कि प्रसाद के पैकेट की डिजाइन करेक्शन के बाद नए पैकेट तैयार होंगे। मंदिर प्रबंध समिति रोजाना 50 से 60 क्विंटल लड्डू प्रसाद बनवाती है। ये लड्डू प्रसाद श्रद्धालुओं के लिए 100 ग्राम, 200 ग्राम, 500 ग्राम और एक किलो के पैकेट में उपलब्ध रहता है। समिति की ओर से हर महीने 12 हजार लड्डू प्रसादी के पैकेट मंदिर प्रिंट कराए जाते हैं।

19 अप्रैल को कोर्ट में दायर हुई याचिका

दरअसल इस साल 19 अप्रैल को हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में एक याचिका लगाई गई थी। जिसमें महाकाल मंदिर के लड्डू प्रसादी पर महाकाल मंदिर, ओंकारेश्वर मंदिर और ओम छापने को गलत बताकर इसे हटवाने की मांग की गई थी। इसके तहत याचिकाकर्ता की ओर से दलील दी गई थी कि प्रसाद लेने के बाद खाली पैकेट को लोग कूड़ेदान में फेंक देते हैं। यह धर्म के हिसाब से अनुचित है। साथ ही यह भी तर्क दिया गया कि वैष्णो देवी मंदिर और स्वर्ण मंदिर के प्रसाद में भी कोई तस्वीर नहीं रहती है। मंदिर अधिनियम में भी डिब्बे को रिसाइकिल करने के बारे में कहीं नहीं लिखा है।

कोर्ट ने 90 दिन का दिया था समय

यह याचिका गुरु श्रीमहंत योगानंद, महंत सुखदेवानंद ब्रह्मचारी, ब्रह्मचारी श्री शंभु पंच अग्नि अखाड़ा इंदौर और पंडित शरद कुमार मिश्र, गुरु श्री स्वामी राधाकान्ताचार्य जी महाराज श्री दुर्गाशक्ति पीठ ने लगाई थी। इस याचिका पर सुनवाई करते हुए इसी साल 24 अप्रैल को हाईकोर्ट की इंदौर बैंच ने महाकाल मंदिर प्रबंध समिति को 90 दिन में प्रसाद पैकेट पर शिखर और ओम की फोटो हटाने का आदेश दिया था। जिसपर मंदिर समिति ने कोर्ट से समय मांगा था। साथ ही यह भी निवदेन किया था कि पुराने पैकेट का स्टॉक खत्म होने के बाद नए पैकेट से फोटो को हटवा दिया जाएगा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article