MP: मध्य प्रदेश के हरदा शहर के एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां नर्मदा नदी में नहाने गए तीन युवकों की मौत की खबर सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना हरदा के टिमरनी थाना क्षेत्र में लछोरा घाट से कुछ ही दूरी पर हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अमावस्या के मौके पर यह लोग नदी में स्नान करने के लिए पहुंचे थे।
नदी में डूबने से तीन युवकों की मौत
टिमरनी की उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) आकांक्षा तरया ने बताया कि अमावस्या के मौके पर बड़ी संख्या में लोग लछोरा घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। भारी संख्या में लोग यहां स्नान कर रहे थे, तभी यहां स्नान करने आए तीनों युवक घाट से तकरीबन 200 मीटर दूर गहरे पानी की ओर नहाने चले गए। उन्होंने बताया कि शुरुआत में दो ही युवक नहाने के लिए गहरे पानी में उतरे और जब वे डूबने लगे तो तीसरा उन्हें बचाने के लिए कूद गया, लेकिन वे तीनों डूब गए। अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में तीनों युवकों की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक तीनों युवकों की पहचान लाड़कुई निवासी 35 वर्षीय रामदास सेजकर, डगावानीमा निवासी 25 वर्षीय देवेंद्र जाट और भुन्नास निवासी 30 वर्षीय करण जाट के रूप में की गई है। उनमें से रामदास की मौत दोनों को बचाने के प्रयास के क्रम में हुई। एसडीपीओ ने बताया कि इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और होमगार्ड की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि तीनों शव हरदा जिला अस्पताल में रखे गये हैं और पोस्टमार्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
(इनपुट - भाषा)
