भोपाल

Indore News: इंदौर में बच्चों के पटाखे जलाने पर हुआ विवाद, दो पक्षों में जमकर पथराव, इलाके में पुलिस बल तैनात

Indore News: एमपी के इंदौर में दिवाली के अवसर पर बच्चों के पटाखे जलाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। ये विवाद देखते ही देखते पथराव में बदल गया और पुलिस बुलानी पड़ गई। माहौल को देखते हुए पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।

Image

इंदौर में पटाखे जलाने को लेकर दो पक्षों में विवाद

Photo : iStock

Indore News: भारत के सबसे स्वच्छ शहर मध्य प्रदेश के इंदौर में दो पक्षों में पटाखे फोड़ने को लेकर विवाद हो गया है। यह विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच पथराव हो गया। स्थिति को देखते हुए पूरे इलाके में पुलिस बल को तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि विवाद बच्चों के पटाखे जलाने के कारण हुआ था। पुलिस ने बताया कि पथराव के कारण चार लोग मामूली तौर पर घायल हो गए, जिन्हें मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।

पटाखे फोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच पथराव

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ऋषिकेश मीना ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि "छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में बच्चों के पटाखे चलाने पर कुछ लोगों में विवाद हुआ और पड़ोसियों की पुरानी रंजिश के चलते विवाद बढ़ गया।" उन्होंने आगे बताया कि इस विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हल्का पथराव हुआ जिसमें चार लोगों को चोटें आई हैं। डीसीपी ने बताया कि "पहली नजर में ये मामूली चोटें लग रही हैं। घायलों को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है।" अधिकारी ने बताया कि छत्रीपुरा क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है जो ‘फ्लैग मार्च’ कर रहा है।

मीना ने कहा कि हालात पूरी तरह से नियंत्रण में हैं। हम लोगों से अपील करते हैं कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं दें। उन्होंने बताया कि पथराव से कुछ वाहनों को भी मामूली नुकसान पहुंचा। डीसीपी ने बताया कि मामले की जांच करते हुए हम सीसीटीवी फुटेज देखकर पता लगा रहे हैं कि किन लोगों ने कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की थी? आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। छत्रीपुरा क्षेत्र में हिंदू और मुस्लिम, दोनों समुदाय रहते हैं। पथराव की घटना के बाद हिंदू संगठनों के लोग छत्रीपुरा थाने के सामने बड़ी तादाद में जुटे और इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!