MP Accident: मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सोमवार सुबह भोपाल-इंदौर राजमार्ग पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति हादसे में घायल हो गया। घटना सुबह करीब साढ़े 8 बजे की है। एक अधिकारी ने बताया कि ये हादसा भोपाल-इंदौर राजमार्ग पर सैकड़ा खेड़ी जोड़ पर हुई थी। सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर घटनास्थल पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कार की टक्कर से दो लोगों की मौत
घटना स्थल पर मौजूद अधिकारी ने बताया कि यह सभी लोग सुबह की सैर पर निकले थे। तभी एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और सैर पर निकले लोगों को टक्कर मार दी। पुलिस ने मृतकों की पहचान गोविंद (50) और मुकेश (45) के रूप में की है। बताया जा रहा है कि हादसे में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। कोतवाली थाना प्रभारी मनोज मालवीय ने बताया कि मध्य प्रदेश के सागर के निवासी तीन युवक इंदौर कार से जा रहे थे। तभी लापरवाही के कारण दुर्घटना हो गई। जानकारी के अनुसार, कार में सवार लोगों को मामूली चोट आई है। पुलिस ने कार में सवार युवको से पूछताछ की तो मालूम हुआ की ड्राइवर को अचानक झपकी लग गई थी, जिसके कारण उसने कार से नियंत्रण खो दिया और दुर्घटना हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
(इनपुट - भाषा)
