Madhya Pradesh Election News: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 से पहले कांग्रेस और भाजपा के बीच वार-पलटवार का दौर छिड़ गया है। किसानों की आय को लेकर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने दावा किया, तो जवाब में खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें खरी-खोटी सुना दी। किसानों के प्रतिदिन 27 रुपये कमाने में असमर्थ होने के कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के दावे को लेकर एमपी के सीएम शिवराज सिंह ने उन पर निशाना साधा और शनिवार को कहा कि प्रदेश में किसानों को 12 हजार रुपये दिये जा रहे हैं।
शिवराज ने प्रियंका को झूठ नहीं बोलने की सलाह दी
शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि 'मैं कहना चाहूंगा कि प्रधानमंत्री की ओर से छह हजार रुपये और मेरी ओर से छह हजार रुपये सीधे किसानों के बैंक खाते में जमा किए जा रहे हैं। ऐसा झूठ मत बोलो जो हजम न हो।' हालांकि मुख्यमंत्री ने यह नहीं बताया कि किसानों के खातों में पैसा मासिक या वार्षिक रूप से जमा किया जा रहा है या नहीं।
हम किसानों को बिना ब्याज के ऋण दे रहे हैं- शिवराज
उन्होंने कहा, 'कांग्रेस शासनकाल में किसानों को 18 प्रतिशत (ब्याज) पर ऋण मिलता था। हम उन्हें बिना ब्याज के ऋण दे रहे हैं।' ग्वालियर में शुक्रवार को जन आक्रोश रैली को संबोधित करते हुए गांधी ने किसी का नाम लिए बिना कहा कि केंद्र देश की संपत्ति दो कारोबारियों को सौंप रही है, उन्होंने दावा किया कि जिनमें से एक प्रति दिन 1,600 करोड़ रुपये कमाता है, जबकि एक किसान प्रति दिन 27 रुपये कमाने में असमर्थ हैं।
'फिर से जल्द शुरू होगी कृषि ऋण माफी योजना'
सीएम शिवराज सिंह ने यह भी वादा किया कि अगर कांग्रेस मध्य प्रदेश में सत्ता में आती है, तो कृषि ऋण माफी योजना को फिर से शुरू किया जाएगा। मध्य प्रदेश में साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। जिसे लेकर सियासत में उबाल अभी से नजर आने लगा है। जहां एक ओर शिवराज सिंह चौहान अपनी कुर्सी बचाने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस को इस बार अपनी जीत की उम्मीद है।
