Satna Road Accident: मध्यप्रदेश के सतना जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां रविवार, 9 फरवरी को एक मिनी ट्रक यात्रियों को लेकर महाकुंभ के लिए प्रयागराज जा रहा था। तभी रास्ते में उसकी एसयूवी कार से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य व्यक्ति घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मृतकों के शव को जब्त करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महाकुंभ जा रहे मिनी ट्रक की एसयूवी से टक्कर
मझगवा थाना प्रभारी आदित्य नारायण धुर्वे ने बताया कि जिला मुख्यालय से 45 किलोमीटर दूर सतना-चित्रकूट राजकीय राजमार्ग पर रात करीब एक बजकर 30 मिनट पर यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया था। दुर्घटना के कारण सड़क पर यातायात अवरुद्ध हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने खुलवाया। अधिकारी ने बताया कि पिकअप ट्रक (मिनी ट्रक) में सवार लोग मध्य प्रदेश के जबलपुर से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ में शामिल होने जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गए।
उन्होंने बताया कि वहीं स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) में सवार लोग प्रयागराज से चित्रकूट होते हुए दमोह जा रहे थे। अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान महेंद्र पटेल (52), मनीषा पटेल (31) और उनके बेटे जितेंद्र पटेल (11) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि दोनों वाहनों में सवार दस अन्य लोग घायल हो गए, जिनका जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
(इनपुट - भाषा)
