Rewa Road Accident: मध्य प्रदेश के रीवा जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई है। इस दौरान प्रयागराज के महाकुंभ से लौटते समय एक एसयूवी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है और सात लोग घायल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सड़क किनारे खड़े ट्रक से वाहन की टक्कर
पुलिस अधिकारी ने बताया कि रीवा जिले के मनगवा पुलिस थाने की अधिकारी वर्षा सोनकर ने बताया कि यह घटना रीवा जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर सोमवार रात करीब 10.30 बजे हुई। जब एसयूवी कार चालक की झपकी आ गई और इस कारण वाहन हादसे का शिकार हो गया। पुलिस ने बाताया कि तेज रफ्तार वाहन सड़क किनारे पार्क ट्रक से टकरा गया।
सोनकर ने बताया कि महाकुंभ में जाने के लिए एसयूवी किराए पर ली गई थी और श्रद्धालु मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में अपने घर लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि 40 से 50 वर्ष की आयु के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। अधिकारी ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
(इनपुट - भाषा)
