भोपाल

MP में भीड़ ने पुलिस टीम पर किया हमला, शख्स को बचाने गए पुलिसकर्मी को पीट-पीटर उतारा मौत के घाट, 5 लोग गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में आदिवासियों के एक समूह ने शनिवार को एक व्यक्ति का अपहरण कर लिया। जिसे पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। शख्स को बचाने के लिए पहुंची पुलिस टीम पर भी आदिवासियों ने हमला किया। जिसमें एक पुलिसकर्मी मौत हो गई। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है।

Image

फाइल फोटो

मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले में शनिवार को आदिवासियों के एक समूह ने कथित तौर पर अपह्रत व्यक्ति को बचाने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि समूह ने अपह्रत व्यक्ति की भी हत्या कर दी थी। उन्होंने बताया कि घटना जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर गदरा गांव में हुई। इस घटना के संबंध में पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है।

रीवा रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक साकेत पांडे ने बताया, ‘एक एएसआई (सहायक उपनिरीक्षक) समेत दो लोग मारे गए हैं और अन्य पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं।’’ सूत्रों ने बताया कि भीड़ द्वारा घेरे जाने के बाद पुलिस को आत्मरक्षा में हवा में गोलियां चलानी पड़ीं। स्थानीय सूत्रों ने बताया कि कोल जनजाति के लोगों ने शनिवार को सनी द्विवेदी नामक व्यक्ति का अपहरण कर लिया था, उन लोगों को संदेह था कि द्विवेदी ने कुछ महीने पहले अशोक कुमार नाम के एक आदिवासी की हत्या की थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कुमार की मौत सड़क दुर्घटना में हुई थी।

आदिवासियों ने लाठी-पत्थरों से किया हमला

द्विवेदी के अपहरण की सूचना मिलने पर शाहपुर थाने के प्रभारी संदीप भारतीय के नेतृत्व में एक टीम उसे बचाने के लिए गदरा गांव पहुंची। पुलिस ने बताया कि लेकिन उस समय तक द्विवेदी की एक कमरे में कथित तौर पर पिटाई के बाद मौत हो चुकी थी। पुलिस के मुताबिक, जब पुलिसकर्मियों ने कमरा खोला तो आदिवासियों के एक समूह ने उन पर लाठी और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन विशेष सशस्त्र बल के एएसआई चरण गौतम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पूरी तरह काबू में स्थिति

पुलिस ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इस बीच, मऊगंज जिलाधिकारी अजय श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक रचना ठाकुर ने एक वीडियो संदेश में बताया कि क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 (सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने और गड़बड़ी को रोकने) लागू की गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। दोनों अधिकारियों ने लोगों से पुलिस और अधिकारियों को अपना काम करने देने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने में उनकी मदद करने की अपील की।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article