भोपाल

अंतिम इच्छा साकार! डॉक्टरों ने किया कमाल; मृत बुजुर्ग के हाथ काटकर युवक को दिया जीवनदान

विशेष उड़ान से मुंबई भेजकर युवक को इंदौर के 69 वर्षीय बुजुर्ग के हाथ प्रत्यारोपित किए गए। इंदौर के टाइल्स व्यापारी सुरेंद्र पोरवाल (69) के निधन के बाद उनके अंग दान किए गए।

Image

टाइल्स व्यापारी सुरेंद्र पोरवाल के हाथ डोनेट

इंदौर: मरणोपरांत अंगदान करने वाले 69 वर्षीय कारोबारी के दोनों हाथ मुंबई के 28 साल के व्यक्ति को प्रत्यारोपित किए गए हैं, जिससे युवक को नयी जिंदगी मिलने की राह आसान हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि इंदौर के टाइल्स व्यापारी सुरेंद्र पोरवाल (69) का शहर के एक निजी अस्पताल में 23 दिसंबर को अपेंडिक्स का ऑपरेशन किया गया था जिसके बाद मस्तिष्क आघात होने से उन्हें दिमागी रूप से मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि दो साल पहले ब्रेन हेमरेज के कारण पोरवाल की सर्जरी की गई थी।

मृत शरीर से डोनेट किए गए हाथ

अधिकारियों ने बताया कि जैन समुदाय से ताल्लुक रखने वाले पोरवाल की अंतिम इच्छा के अनुसार उनके परिजन उनके मरणोपरांत अंगदान के लिए खुद आगे आए। उन्होंने बताया कि शल्य चिकित्सकों ने 69 वर्षीय कारोबारी के दिमागी तौर पर मृत शरीर से दोनों हाथ, यकृत (लिवर) और दोनों गुर्दे (किडनी) सोमवार शाम हासिल कर लिए।इंदौर सोसायटी फॉर ऑर्गन डोनेशन के संस्थापक सचिव डॉ. संजय दीक्षित ने बताया कि पोरवाल के मरणोपरांत अंगदान से मिले दोनों हाथों को विशेष उड़ान के जरिये मुंबई भेजा गया। इन हाथों को मुंबई के एक निजी अस्पताल में 28 वर्षीय व्यक्ति के शरीर में सफलतापूर्वक प्रत्यारोपित किया गया।

उन्होंने बताया कि इस व्यक्ति को कुछ साल पहले बिजली का तेज झटका लगा था जिसके बाद उसके दोनों हाथों ने काम करना बंद कर दिया था। इंदौर में अंगदान को बढ़ावा देने वाले सामाजिक संगठन "मुस्कान" के कार्यकर्ता संदीपन आर्य ने बताया कि पोरवाल के दो गुर्दे स्थानीय अस्पतालों में भर्ती दो मरीजों को प्रत्यारोपित किए गए, जबकि उनके यकृत को विशेष उड़ान से मुंबई भेजा गया और वहां के एक अस्पताल में भर्ती मरीज में इस अंग का प्रत्यारोपण किया गया। पोरवाल के परिजनों ने उनकी त्वचा और आंखें भी दान कर दी हैं।

चश्मदीदों ने बताया कि अंगदान के बाद पोरवाल की पार्थिव देह को मंगलवार को स्थानीय अस्पताल में भावभीनी विदाई दी गई। स्ट्रेचर पर रखी उनकी देह को एम्बुलेंस तक पहुंचाने के लिए लाल कालीन बिछाई गई और अस्पताल के कतार में खड़े चिकित्सकों और अन्य कर्मचारियों ने उन पर फूल चढ़ाकर अंगदानी के प्रति सम्मान जताया।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article