'मध्यप्रदेश में कोई युवा नहीं रहेगा बेरोजगार', सीएम शिवराज ने की युवाओं के लिए कई घोषणाएं

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलEdited by: रामानुज सिंह
  • Updated Mar 23, 2023, 07:27 PM IST

भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में यूथ महापंचायत को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि प्रदेश के युवा, श्रेष्ठतम प्रतिष्ठानों से जुड़ कर कौशल सीखेंगे, वे लर्न भी करेंगे और अर्न भी करेंगे। साथ ही उन्होंने राज्य की युवा नीति एवं यूथ पोर्टल लॉन्च किया।

भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जैसे चिड़िया अपने बच्चों को घोंसलों में नहीं रखती, उन्हें उड़ना सिखाती है, वैसे ही हम हमारे युवाओं को बेरोजगारी भत्ता न देकर विभिन्न कौशल सीखने और अपने आप को रोजगार के लिए तैयार करने के अवसर प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री युवा कौशल कमाई योजना का क्रियान्वयन 1 जुलाई से आरंभ होगा। इसमें प्रदेश के युवा, श्रेष्ठतम प्रतिष्ठानों से जुड़ कर कौशल सीखेंगे, वे लर्न भी करेंगे और अर्न भी करेंगे। ऐसे युवाओं को हर माह कम से कम 8000 रूपए दिए जाएंगे। प्रतिष्ठान अपनी ओर से अलग से भी राशि देंगे। युवाओं के सहयोग से ही नए और आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश का निर्माण होगा। युवा अपने सपने साकार कर सकें और सफलता की ऊंची उड़ान उड़ सकें, इसके लिए राज्य शासन हर संभव व्यवस्था करने और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है। इसी कड़ी में आज राज्य की युवा नीति लॉन्च की जा रही है।

Shivraj Singh Chouhan

युवा महापंचायत में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

सीएम शिवराज ने यूथ महापंचायत को किया संबोधित

मुख्यमंत्री चौहान शहीद भगत सिंह, राजगुरू और सुखदेव के शहादत दिवस पर राजधानी भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में यूथ महापंचायत को संबोधित कर रहे थे। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव, स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) इंदर सिंह परमार उपस्थित थे। कार्यक्रम में यंग अचीवर्स ने ओलिम्पियन विवेक सागर प्रसाद, संगीतकार और गीतकार मेघदीप बौस और उद्यमी अनुभव दुबे विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने यूथ महापंचायत में आये युवाओं का पुष्प-वर्षा कर स्वागत किया।

End of Feed