MP Road Accident: मध्य प्रदेश के खरगौन में आज सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (SUV) और वैन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि अभी पता नहीं चला है कि एसयूवी किसकी है, इसको लेकर जांच की जा रही है।
खरगौन में दर्दनाक हादसा
एसयूवी की नंबर प्लेट पर लिखा SDM
खरगौन कोतवाली पुलिस थाने के उपनिरीक्षक श्रीराम भूरिया ने बताया कि खरगौन में पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास रविवार सुबह करीब सात बजे वैन से एसयूवी की टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि वैन में मौजूद दो लोग रामलाल (50) और शोभाराम (49) की मौके पर ही मौत हो गई।पुलिस अधिकारी ने बताया कि एसयूवी में एक ही व्यक्ति बैठा था। उन्होंने बताया कि वाहन की नंबर प्लेट पर ‘एसडीएम’ (सब डिविजनल मजिस्ट्रेट) लिखा हुआ था। उन्होंने बताया कि जांच के बाद ही पता चलेगा कि वाहन किसका है।
ये भी पढ़ें - MP Airport List: मध्य प्रदेश में हैं इतने एयरपोर्ट, इन देशों के लिए मिलती है सीधी फ्लाइट; भारतीय शहरों तक सीधी कनेक्टिविटी
दो बाइकों की टक्कर में तीन लोगों की मौत
पुलिस ने बताया कि मुरैना में शनिवार रात दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिल टकरा गईं, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सबलगढ़ पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना मुरैना जिला मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर पीपलवाड़ी पुलिस चौकी के पास हुई। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल सवार बिशु (65) और सचिन (22) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि संतोष (28) नामक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें सबलगढ़ सरकारी अस्पताल से मुरैना के जिला अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है।
(इनपुट - भाषा)
