भोपाल

खुशखबरी : MP को रेलवे ने दी बड़ी सौगात, इन शहरों के बीच चलेंगी 3 नई ट्रेनें; बिछाई जाएंगी रेल लाइनें

भारतीय रेलवे ने मध्य प्रदेश के यात्रियों के लिए तीन नई ट्रेन चलाने की घोषणा की है। ये ट्रेनें रीवा से पुणे, नैनपुर से रायपुर और ग्वालियर से बेंगलुरु के बीच यात्रियों का सफर आसान करेंगी। इसके अलावा राज्य रतलाम-नागदा तीसरी और चौथी लाइन परियोजना भी एमपी के लिए बड़ी सौगात साबित होगी।

Image

एमपी में चलेंगी 3 नई ट्रेनें

भोपाल : मध्य प्रदेश के लोगों का सफर आसान बनाने की दिशा में रेलवे प्रयासरत है। यही कारण है कि गुरुवार को राज्य के लिए तीन नई ट्रेनों की घोषणा की गई। यह ट्रेनें रीवा से पुणे, नैनपुर से रायपुर और ग्वालियर से बेंगलुरु के बीच चलेंगी। इसके अलावा रतलाम-नागदा तीसरी और चौथी लाइन परियोजना (Ratlam-Nagda 3rd and 4th line project) को मंजूरी मिल चुकी है। इस रेल लाइन के निर्माण से राज्य में रेलवे को बड़ी गति मिलेगी। इस पर नई ट्रेनें चलाकर लोगों का सफर आसान बनाया जाएगा और व्यापारिक गतिविधियां बढ़ने के आसार रहेंगे।

रतलाम-नागदा रेल लाइन बड़ी उपलब्धि

रेल मंत्री ने कहा कि सामान्य तौर पर चार साल में रतलाम-नागदा तीसरी और चौथी लाइन जैसी परियोजना पूरी हो जाती हैं लेकिन इसे समय से पहले ही पूरा कर लिया जाएगा। इस अवसर पर वैष्णव ने मध्यप्रदेश के लिए तीन नयी ट्रेनों की घोषणा भी की। पहली ट्रेन रीवा से सतना और जबलपुर होते हुए पुणे जाएगी। पुणे उच्च शिक्षा के केंद्र के रूप में उभरा है, ऐसे में इस ट्रेन से छात्रों और उनके परिजनों को पुणे जाने में आसानी होगी।

वैष्णव ने कहा कि दूसरी ट्रेन, मध्यप्रदेश के नैनपुर, बालाघाट से गोंदिया और जबलपुर होते हुए रायपुर जाएगी। यह नयी ट्रेन मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के आदिवासी इलाकों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करेगी। रेल मंत्री ने कहा कि इससे दोनों राज्यों के बीच व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और इससे क्षेत्र का आर्थिक विकास होगा।

तीसरी ट्रेन ग्वालियर से गुना और भोपाल होते हुए बेंगलुरु जाएगी। ये तीनों नयी ट्रेनें अगले महीने यानी जून के महीने से चलेंगी और उनकी समय सारणी तैयार कर ली गई है जो कि दो से तीन दिन में जारी कर दिया जाएगा। वैष्णव ने रतलाम-नागदा तीसरी और चौथी लाइन परियोजना को मंजूरी दिए जाने का जिक्र करते हुए कहा कि इससे यात्रियों और वस्तुओं का निर्बाध एवं तेज परिवहन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article