भोपाल

MP News:सीएम शिवराज बोले- 'मैं सिंहासन पर बैठकर आनंद उठाने वाला सीएम नहीं हूं, सेवा करने वाला हूं'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 16, 2023, 05:57 PM IST

Shivraj Singh Election Rally: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ताबड़तोड़ सभाएं जारी हैं इस क्रम में उन्होंने सोमवार को शहडोल में रैली की।

Image

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की ताबड़तोड़ सभाएं जारी हैं

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा-'मैं मुख्यमंत्री इसलिए नहीं हूं कि सत्ता के सिंहासन पर बैठकर केवल आनंद उठाऊँ, जनता की बेहतर से बेहतर सेवा कर पाऊँ इसलिए मैं मुख्यमंत्री हूँ। मुझे कंकाली मैया ने यही कहा कि तेरे लिए तो तेरी जनता ही भगवान है' ये बातें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को शहडोल जिले में कहीं। मुख्यमंत्री ने शहडोल जिले की जयसिंहनगर विधानसभा और जैतपुर विधानसभा में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे।

'आजकल मुझसे बड़े परेशान हैं कांग्रेसी'

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेसी आजकल बड़े परेशान हैं। कहते हैं कि हम चुपचाप पैसा डाल देंगे। भैया हम पैसा डाल रहे हैं तुम्हें दिक्कत क्या है। तुमने तो कभी डाले नहीं। मैंने लाड़ली बहन योजना बनाई तो कहने लगे ये तो वैसे ही है, फिर कहने लगे ज्यादा नाम ही नहीं आएंगे, फिर कहे पैसा नहीं देंगे, फिर कहे हजार ही देंगे, फिर कहने लगे बढ़ाएंगे नहीं। लेकिन आज प्रदेश में सवा करोड़ लाड़ली बहनें बन चुकी हैं, जिनका नाम छूट गया है, उनके नाम भी जोड़े जाएंगे।

कंकाली मंदिर में की पूजा अर्चना

सभा से पहले मुख्यमंत्री ने नवरात्र के पर्व पर मां कंकाली देवी और सिंहवासिनी की पूजा अर्चना भी की। आपको बता दें कि इन दिनों मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ताबड़तोड़ चुनावी सभाएं कर रहे हैं।

लाड़ली बहनों को मिलेंगे 3 हजार रुपये महीने : मुख्यमंत्री

लाड़ली बहना योजना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के तहत बहनों को दी जाने वाली राशि को 1 हजार से बढ़ाकर 1250 कर दिए हैं। अभी पैसे का इंतजाम कर रहा हूं और जैसे ही पैसे का इंतजाम हुआ। 1250 से बढ़ाकर धीरे-धीरे 3000 करूंगा।

अनाथ खुशबू का संपूर्ण खर्चा उठाएंगे मामा शिवराज

मुख्यमंत्री ने भरी सभा में एक मासूम बच्ची को बुलाया। उस बच्ची का नाम खुशबू है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अपने परिवार की यह बेटी है। खुशबू इसके माता पिता का स्वर्गवास हो गया है। यह मेरी बेटी है और मामा के रहते यह बेटी अनाथ कैसे रह सकती है। माता पिता नहीं तो खुशबू का मामा तो है। मेरी बेटी खुशबू चिंता मत करना। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी आचार संहिता है, लेकिन मुझे कहने में कोई संकोच नहीं है कि खुशबू की सम्पूर्ण व्यवस्था मामा करेगा ताकि इसकी जिंदगी में कोई कष्ट-तकलीफ और परेशानी न रहे।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article