भोपाल: कांग्रेस पार्टी के आंतरिक सर्वे में महिलाओं की कम भागेदारी को लेकर विचार विमर्श किया जा रहा है। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को वोट नहीं मिलने पर उसके सभी पहलुओं पर चर्चा करके महिलाओं को पार्टी की नीतियों से जोड़ने का प्रयास है। इसी उद्देश्य से मंगलवार को पार्टी ने भोपाल पीसीसी कार्यालय में महिला कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की, जिसमें पार्टी की राष्ट्रीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा पहुंची थीं। बैठक में जीतू पटवारी भी शामिल थे। इसी दौरान कांग्रेस की स्टेट जनरल सेक्रेटरी मधु शर्मा ने लिस्ट में नाम होने पर आपत्ति जताई। मधु शर्मा का आरोप है कि उनकी इस बात पर अलका लांबा भड़क गईं और वह भद्दी बात कहकर अपमानित करने लगीं। आरोप है कि अलका ने मधु को जूते से मारने की धमकी दी।
जूते से मारने की धमकी!
मधु शर्मा ने बताया कि अलका लांबा ने मुझे जूते से मारने की धमकी दी और बेइज्जत करके मीटिंग से बाहर निकाल दिया। मैं कांग्रेस की स्टेट जनरल सेक्रेटरी हूं, मेरा नाम लिस्ट में नहीं बोला गया, इस पर मैने आपत्ति जताई थी। जिस पर मुझे जूते से मारने की धमकी देकर बैठक से बाहर निकल दिया गया। इससे जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मधु शर्मा अलका लांबा को कोसती नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यहां के लोग हमारे कहने पर पार्टी से जुड़ेंगे। अगर, अलका खुद को राष्ट्रीय लेवल की नेता मानती हैं तो कांग्रेस पार्टी से लोगों को जोड़कर दिखाएं। नाराज मधु शर्मा ने इस घटना से राहुल गांधी को अवगत कराने की बात कही है। हालांकि, अभी तक इस मसले पर अलका लांबा की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
