Chief Minister Kisan Kalyan Yojana Update: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सूबे के विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा दांव चला है। बुधवार (दो अगस्त, 2023) को उन्होंने चीफ मिनिस्टर किसान कल्याण योजना के तहत दी जाने वाली रकम में बढ़ोतरी से जुड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि इस स्कीम के तहत किसानों को अब उनकी सरकार सालाना छह हजार रुपए का लाभ देगी।
उन्होंने कहा- मेरे किसान भाइयों, मुझे खेती और किसानों की जिंदगी बदलनी है। जैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों को छह हजार रुपए प्रति साल दे रहे हैं, जिसके तहत दो-दो हजार रुपए की तीन किश्तें दी जाती हैं।
बकौल शिवराज, "मैं चौथी बार म.प्र का सीएम बना। मेरे दिल ने भी कहा कि चौथी बार बन गया हूं...पीएम दे रहे हैं तो तू भी तो दे। ऐसे में मैंने चार हजार रुपए देना शुरू किया। लेकिन अब मामा भी छह हजार रुपए देगा।"
वह आगे बोले- पहले पीएम देंगे। फिर मैं देंगे। फिर वह देंगे, जिसके बाद मैं दूंगा। आगे वह देंगे और उनके बाद मेरी ओर से किस्त दी जाएगी। ऐसा इसलिए क्योंकि छोटे किसानों की जिंदगी बदले।
दरअसल, पीएम किसान सम्मान निधि की तर्ज पर सूबे में "मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना" शुरू की गई थी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिन पर 25 सितंबर 2020 से इसके तहत किसानों के खातों में राशि ट्रांसफर की जाना शुरू की गई थी।
लाभार्थी किसानों को इसके तहत सालाना चार हजार रुपए (दो-दो हजार रुपए की दो किस्तों में) दिए जाते थे। रोचक बात कि इस स्कीम का लाभ पाने वाले किसान "पी.एम. किसान सम्मान निधि" के तहत सालाना 6000 रुपए का लाभ भी पाते हैं।
