इस समय मोबाइल के बिना आज के आधुनिक जीवन की कल्पना करना भी मुश्किल हो गया है। इसकी लत हमें पड़ चुकी है या इसकी जरूरत इतनी है कि इसके बिना काम नहीं चल सकता। ये बहस का विषय हो सकता है, लेकिन सच ये भी है कि मोबाइल हमारी दिनचर्या का कभी न दूर होने वाला हिस्सा बन चुका है।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मोबाइल से ही जुड़ी हुई एक डरावनी घटना सामने आई है। यहां एक शख्स की जेब में रखा मोबाइल अचानक ब्लास्ट हो गया। गोलगप्पे का ठेला लगाने वाले इस युवक का नाम अरविंद है। सारंगपुर का रहने वाला 19 साल का अरविंद मंगलवार को सब्जी खरीद कर बाइक से अपने घर लौट रहा था तभी यह हादसा हुआ। इस दुर्घटना में युवक के प्राइवेट पार्ट्स में गंभीर चोट आई है। धमाके की वजह से उसका बैलेंस बिगड़ा और वह बाइक से गिर गया, जिससे उसके सिर में भी चोट आईं। हादसे के बाद तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, फिलहाल वह खतरे से बाहर है।
बताया जा रहा है कि अरविंद ने हाल ही में पाई-पाई जोड़कर एक सेकंड हैंड मोबाइल खरीदा था। घटना वाले दिन उसने रात भर फोन चार्ज में लगाए रखने के बाद सुबह सब्जी लेने गया था। बाजार से लौटते समय उदनखेड़ी के पास बने टोल प्लाजा के पास उसकी पैंट की जेब में रखे मोबाइल में ब्लास्ट हो गया। इस कारण युवक के अंडकोष फट गए और सिर में भी गंभीर चोट आईं। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि मोबाइल के फटने के पीछे कारण बैटरी का अधिक गर्म होना था।
फोन इस्तेमाल करते समय क्या रखें सावधानी
एक्सपर्ट कहते हैं कि तेज गर्मी और सूरज की सीधी रोशनी में रखने पर मोबाइल फोन के फटने का खतरा होता है। अगर फोन बहुत अधिक गर्म हो रहा है तो तुरंत उसे बंद कर दें और ठंडा होने दें। जब फोन पूरी तरह चार्ज हो जाए तो चार्जर निकाल दें। अगर बैटरी फूली हुई लग रही हो तो फोन का इस्तेमाल बंद कर दें। मोबाइल फोन की सर्विस केवल ऑथराइज्ड सर्विस सेंटर पर ही करवाएं।
