Mhow Accident News: मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर के करीब महू से एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। वहीं 10 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने बताया कि यह घटना गुरुवार और शुक्रवार की रात हुई थी। पुलिस ने मृतकों के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
एमपी के महू में रफ्तार का कहर
ट्रैवलर, बाइक और टैंकर की टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा मानपुर पुलिस थाने के भैरव घाट क्षेत्र में हुआ। यहां गुरुवार-शुक्रवार की रात को एक सवारी वाहन ट्रैवलर ने पहले बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मारी और उसके बाद वह एक टैंकर में जा घुसा। इस हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई, वहीं ट्रैवलर में सवार दो अन्य लोगों को जान गंवानी पड़ी। इसके अलावा ट्रैवलर वाहन में सवार 10 लोग घायल हुए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सवारी वाहन ट्रैवलर तेज रफ्तार से जा रहा था और उसी के चलते यह भीषण हादसा हुआ है।
बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ ट्रैवलर
हादसे की भयावहता का इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि टैंकर से हुई टक्कर के बाद ट्रैवलर वाहन के परखच्चे उड़ गए। बताया गया है कि ट्रैवलर वाहन में सवार लोग कर्नाटक के निवासी थे और महाकाल के दर्शन करने उज्जैन आए हुए थे। दर्शन के बाद वह वापस महाराष्ट्र की तरफ जा रहे थे। सवारी वाहन ने पहले जिस बाइक को टक्कर मारी उसमें दो युवक सवार थे। मृतक युवकों की पहचान शुभम और हिमांशु के तौर पर हुई है। वहीं ट्रैवलर में सवार दो महिलाओं की भी मौत होने की सूचना है।
(इनपुट - आईएएनएस)
