भोपाल

Madhya Pradesh: बोरवेल में गिरे बच्चे की नहीं बच सकी जान, 24 घंटे की जद्दोजहद गई बेकार

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 15, 2023, 04:40 PM IST

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बच्चे के परिवार को राज्य सरकार की ओर से चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

Image

खेत में बने 60 फुट गहरे बोरवेल में फिसलकर गिर गया था बच्चा

Photo : ANI

मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में सात वर्षीय बच्चे को बोरवेल में गिरने के लगभग 24 घंटे के बचाव अभियान के बाद बुधवार को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। विदिशा के जिलाधिकारी उमाशंकर भार्गव ने बताया कि डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान लगातार 24 घंटे तक चला।

सीएम शिवराज ने दिया 4 लाख रुपए मुआवजा

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बच्चे के परिवार को राज्य सरकार की ओर से चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। राज्य के विदिशा जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर लटेरी तहसील के खेरखेड़ी पठार गांव में लोकेश अहिरवार नामक यह बच्चा दोस्तों के साथ खेलते समय मंगलवार सुबह करीब 11 बजे खेत में बने 60 फुट गहरे बोरवेल में फिसलकर गिर गया था। वह बोरवेल में 43 फीट की गहराई पर फंसा हुआ था।

जेसीबी मशीन से हुई थी खुदाई

अधिकारी के अनुसार, बच्चे को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद से बोरवेल के बगल में एक समानांतर गड्ढा खोदा गया और उसे वहां से बाहर निकाला गया। मुख्यमंत्री चौहान ने ट्वीट किया, अत्यंत दु:खद है कि विदिशा के खेरखेड़ी गांव में बोरवेल में गिरे बेटे लोकेश को अथक प्रयासों के बाद भी नहीं बचाया जा सका। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। ऊं शांति।

सीएम ने कहा, दोषियों पर कार्रवाई करेंगे

उन्होंने आगे लिखा, दुख की इस विकट घड़ी में सरकार शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। हमने तय किया है कि राज्य सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। दोषियों पर उचित कार्रवाई भी करेंगे ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। चौहान ने कहा, कल से बचाव अभियान में लगे राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) एवं स्थानीय प्रशासन के सभी साथियों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया। इसके लिए आभार।

(Bhasha Input)

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article