भोपाल

अब और बेहतर होंगी गौशालाएं, MP सरकार ने दोगुना किया प्रति गाय खर्च; पशु विकास योजना का नाम भी बदला

मध्य प्रदेश में गौशालाओं को मिलने वाली राशि अब दोगुनी हो गई है। राज्य सरकार ने इस राश को 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये प्रतिदिन कर दिया है। कैबिनेट बैठक के दौरान यह फैसला किया गया। इसके अलावा पशु विकास योजना का नाम भी बदल दिया गया है। अब इस योजना का नाम डॉ. अंबेडकर के नाम पर किया गया है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

MP News: मध्य प्रदेश की कैबिनेट ने गौशाला की गायों के लिए दी जाने वाली राशि 20 रुपए से बढ़ाकर 40 रुपए प्रतिदिन कर दी है। वहीं, पशु विकास योजना का नाम बदलकर डॉ. अंबेडकर के नाम पर किया गया है। मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बताया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अप्रैल को अशोकनगर जिले में स्थित श्री आनंदपुर ट्रस्ट आश्रम आएंगे। वहीं, केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह 13 अप्रैल को भोपाल में रहेंगे। अमित शाह की उपस्थिति में राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड और राज्य शासन एवं दुग्ध संघों के बीच अनुबंध पर हस्ताक्षर होंगे।

कैबिनेट बैठक में कई बड़े फैसले

मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। इसके मुताबिक, गौशाला में प्रति गाय दी जाने वाली राशि 20 की बजाय अब 40 रुपए होगी। इसके साथ ही पूरे राज्य में पीपीपी मोड पर गौ विहार का निर्माण किया जाएगा। वहीं, पशुपालन विभाग की पशु विकास योजना का नया नाम डॉ. भीमराव अंबेडकर के नाम पर होगा।

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि 12 से 14 अप्रैल तक दिल्ली स्थित लाल किले में सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य की प्रस्तुति होगी। इस मौके पर मंत्रिमंडल के सदस्य भी उपस्थित रहेंगे। आगामी 14 अप्रैल को अंबेडकर नगर में बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती पर आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि राज्य में पीपीपी मोड पर बनने वाले मेडिकल कॉलेज को अब सरकार एक रुपए भू-भाटक की दर पर 25 एकड़ जमीन देगी। पूर्व में जमीन की व्यवस्था कॉलेज संचालक को करने की बाध्यता रखी गई थी। मेडिकल कॉलेज से जुड़े अस्पतालों को जिला अस्पताल से जोड़ा जाएगा।

राज्य को 4 हजार करोड़ से अधिक की सौगातें

बैठक में बताया गया कि केंद्र सरकार की ओर से प्रदेश को चार हजार करोड़ से अधिक की सौगातें मिलीं। राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण के अंतर्गत चार कार्यों की स्वीकृति दी गई है। इसमें 1,426 करोड़ की लागत से बनने वाला 28.5 किलोमीटर लंबा ग्वालियर पश्चिमी बाईपास और 688 करोड़ की लागत से बनने वाला सागर बाईपास शामिल है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article