भोपाल

Madhya Pradesh: कांग्रेस ने किया चुनाव अभियान समिति का गठन, कमलनाथ-दिग्विजय को मिली अहम जिम्मेदारी

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Aug 1, 2023, 12:09 PM IST

कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के लिए एक चुनाव अभियान समिति का गठन किया। इस समिति में मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को भी शामिल किया गया है।

Image

Kamal Nath, Digvijay singh

Photo : PTI

Madhya Pradesh Elections: आगामी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी के तहत पार्टी ने अपनी चुनाव समिति का आज ऐलान कर दिया। इस समिति में दिग्गज नेताओं को जगह मिली है। आगामी राज्य चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को मध्य प्रदेश के लिए एक चुनाव अभियान समिति का गठन किया। इस समिति में मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को भी शामिल किया गया है।

कांतिलाल भूरिया समिति के अध्यक्ष

कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में इस साल के आखिर में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मंगलवार को अपनी राज्य इकाई के लिए चुनाव अभियान समिति और प्रदेश चुनाव समिति का गठन किया। चुनाव अभियान समिति की अध्यक्षता पार्टी के वरिष्ठ नेता कांतिलाल भूरिया करेंगे और प्रदेश चुनाव समिति का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ करेंगे।

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लिए चुनाव अभियान समिति और प्रदेश चुनाव समिति के गठन को स्वीकृति प्रदान की।

कमलनाथ और दिग्विजय भी शामिल

विज्ञप्ति के मुताबिक, समिति में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के अलावा 30 से अधिक वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। इसमें राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह, वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी और विवेक तन्खा सहित कई अन्य नेताओं को भी जगह दी गई है। कमलनाथ की अगुवाई वाली प्रदेश चुनाव समिति में दिग्विजय सिंह, गोविंद सिंह, भूरिया, पचौरी, अरुण यादव, जीतू पटवारी और कई अन्य नेता शामिल हैं।

कांग्रेस ने एक दिन पहले ही पार्टी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। मध्य प्रदेश में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होना है। राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्तारूढ़ है, जबकि कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article