भोपाल

मध्य प्रदेश में सुबह-सुबह कैबिनेट विस्तार, रामनिवास रावत ने ली मंत्री पद की शपथ

Madhya Pradesh Cabinet Expansion News: ​मध्य प्रदेश में आज सुबह-सुबह कैबिनेट विस्तार हुआ है। ओबीसी समुदाय के बड़े नेता रामनिवास रावत ने मंत्री पद की शपथ ली है। वह हाल ही में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे।

Image

मध्य प्रदेश कैबिनेट विस्तार

Photo : Twitter

Madhya Pradesh Cabinet Expansion: मध्य प्रदेश में आज सुबह-सुबह कैबिनेट विस्तार हुआ है। ओबीसी समुदाय के बड़े नेता रामनिवास रावत ने मंत्री पद की शपथ ली है। वह हाल ही में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। रामनिवास रावत श्योपुर जिले के विजयपुर से छह बार के विधायक हैं। लंबे समय से उनके मंत्रिमंडल में शामिल होने की अटकलें थींं।

छह बार के विधायक रामनिवास रावत ओबीसी समुदाय के बड़े नेता माने जाते हैं। बीते 30 अप्रैल को लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान वह सीएम मोहन यादव व अन्य नेताओं को मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए थे। यह कांग्रेस पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। भाजपा में उनके शामिल होने के बाद से ही उनके मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावनाएं जताई जा रही थीं।

कांग्रेस विधायक के तौर पर दे सकते हैं इस्तीफा

रामनिवास रावत सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक कांग्रेस विधायक के तौर पर राज्य विधानसभा से इस्तीफा नहीं दिया है। भाजपा के सूत्रों ने बताया कि ऐसी संभावना है कि मंत्री पद की शपथ लेने के बाद वह कांग्रेस विधायक के तौर पर इस्तीफा दे सकते हैं। बता दें, राजभवन में आयोजित एक समारोह में रामनिवास रावत को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। इस दौरान सीएम मोहन यादव भी मौजूद रहे।

एमपी की कैबिनेट में अब 29 मंत्री

विधानसभा चुनाव के बाद 13 दिसंबर 2023 को पद संभालने वाले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 25 दिसंबर को अपने मंत्रिमंडल में 28 विधायकों को शामिल किया था। रावत के शपथ लेने के बाद राज्य मंत्रिमंडल में सदस्यों की संख्या बढ़कर 29 हो गई है। मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल में सदस्यों की अधिकतम संख्या 34 है।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article