Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने फिरौती की रकम के लिए अपने ही अपहरण की कहानी गढ़ डाली। इस मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने गुरुवार को युवक समेत इसमें शामिल उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोचने वाली बात ये है कि युवक ने ऐसा क्यों किया। आखिर अपने ही अपहरण की कहानी बनाने के पीछे की वजह क्या है। क्यों अपहरण का नाम लेकर वह अपने ही परिवार से पैसे ऐंठने की कोशिश क्यों कर रहा है। गिरफ्तार युवक से पूछताछ के दौरान इसके पीछे की वजह का भी खुलासा हुआ है।
पिता ने पुलिस में लिखाई बेटे के अपहरण की रिपोर्ट
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रामसनेही मिश्रा ने बताया कि बाणगंगा थाने में यश राठौर (20) के पिता आनंद राठौर ने बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात बदमाशों ने उनके बेटे का अपहरण कर लिया है और उसकी सुरक्षित रिहाई के लिए तीन लाख रुपये की फिरौती मांगी है। मिश्रा के मुताबिक, पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि यश ने खुद के अपहरण की फर्जी कहानी गढ़ी थी और इसमें उसके तीन साथी-राहुल मेहरा (25), आदर्श चक्रवेदी (22) और धर्मेन्द्र लोधी (35) शामिल थे।
इस वजह से गढ़ी युवक ने अपने अपहरण की कहानी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि युवक अपने महंगे शौकों के कारण आर्थिक संकट में फंसा हुआ था। युवक ने कर्ज चुकाने के लिए खुद के अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी, ताकि वह परिवार से पैसे लेकर अपना कर्जा चुका सके। लेकिन इस मामले में वह सफल नहीं हो पाया, क्योंकि पिता द्वारा अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करवाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की और झूठी कहानी का सच सामने आ गया।
अपहरण की कहानी बनाने में युवक के साथी का अहम रोल
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया "मेहरा पर शहर के अलग-अलग थानों में 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। यश के अपहरण की फर्जी कहानी गढ़ने और फिरौती मांगने में मेहरा का अहम किरदार था।" उन्होंने बताया कि "यश पर उसके महंगे शौकों के कारण काफी कर्ज हो गया था जिसके कारण उसे अपनी कार तक गिरवी रखनी पड़ी थी। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने अपहरण की फर्जी कहानी गढ़ी और तीन साथियों की मदद से अपने परिजनों से फिरौती मांगी।" अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि यश और उसके तीन साथी शहर के सुपर कॉरिडोर के सर्विस रोड के पास सुनसान जगह पर कार में बैठे मिले और पूछताछ के बाद चारों को गिरफ्तार कर लिया गया। मिश्रा ने बताया कि फर्जी अपहरण कांड की विस्तृत जांच की जा रही है।
(इनपुट - भाषा)
