भोपाल

इंदौर पुलिस की अनोखी पहल, लोगों के बीच जाकर की अपील, होली पर बनाए रखें शांति व्यवस्था

इंदौर में त्योहार के कारण कोई विवाद न हो, इसके लिए इंदौर पुलिस ने अनोखी पहल की है। इंदौर पुलिस विभिन्न मुस्लिम बस्तियों में जा रही है और लोगों से अपील कर रही है कि होली के त्योहार पर शांति बनाए रखें। हाल ही में महू में हुए विवाद से सबक लेते हुए इंदौर पुलिस ने यह कदम उठाया है।

Image

सांकेतिक फोटो

मध्य प्रदेश के महू में हुए हालिया विवाद को लेकर सबक लेते हुए, इंदौर पुलिस ने अब विभिन्न मुस्लिम बस्तियों में जाकर लोगों को होली त्योहार के दौरान शांति बनाए रखने की अपील की है। इसी कड़ी में जोन 2 के डीसीपी अभिनव विश्वकर्मा एमआईजी थाना क्षेत्र स्थित मुस्लिम बहुल कॉलोनी, एमआईजी काकंड पहुंचे और वहां रहने वाले लोगों से बातचीत की।

होली के त्योहार पर नहीं होने दी जाएगी अशांति

डीसीपी अभिनव विश्वकर्मा ने कॉलोनीवासियों से कहा, "होली त्योहार को मिलकर मनाना है, कोई भी रंग गलती से किसी पर डाल दिया जाए तो इसे विवाद का कारण नहीं बनाना है। हम सब भाई-भाई हैं और छोटी-मोटी बातों को लेकर किसी प्रकार का आमना-सामना (झगड़ा) नहीं करना है। अगर कोई समस्या हो, तो आपस में बैठकर समझाया जा सकता है।"

उन्होंने यह भी कहा कि उनकी टीम और पुलिस प्रशासन हर वक्त कॉलोनीवासियों की सुरक्षा के लिए तत्पर है और होली के त्योहार के दौरान कोई भी अशांति नहीं होने दी जाएगी। पुलिस विभाग ने त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करने के साथ-साथ, विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को शांति बनाए रखने की अपील की है। इस पहल से पुलिस प्रशासन का उद्देश्य शहर में सद्भावना और भाईचारे को बढ़ावा देना है, ताकि सभी मिलजुल कर त्योहारों का आनंद उठा सकें।

होली और जुमा एक ही दिन

बता दें कि शुक्रवार को होली का पावन पर्व है और उसी दिन जुमा भी है। नमाज अदा करने और रंग खेले जाने को लेकर कई तरह के बयान दिए जा रहे हैं। इस मामले में देशभर से प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि इसकी शुरुआत संभल सीओ के बयान से हुई। संभल सीओ अनुज चौधरी ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि होली साल में एक बार आती है और जुमा साल में 52 बार आता है। अगर किसी को रंग से परहेज है तो वह घर से बाहर न निकलें। होली के दिन घर से ही नमाज अदा करें।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें