जल्द शुरू होगी इंदौर मेट्रो की सेवा (सांकेतिक तस्वीर)
Indore Metro: MP मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने इंदौर मेट्रो को लेकर तैयारी तेज कर दी है। जल्द ही प्रायोरिटी कॉरिडोर पर इंदौर मेट्रो दौड़ती नजर आएगी। इसका रूट, किराया, समय आदि तय कर दिया गया है। हालांकि, मेट्रो के कॉमर्शियल रन की तारीख अभी तय नहीं हुई है। कमिशन ऑफ मेट्रो रेलवे सेफ्टी (CMRS) की टीम ने पिछले दिनों ही इस ट्रेन को ग्रीन सिग्नल दे दिया था, जिसके बाद इसको चलाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। येलो लाइन का प्रायोरिटी रूट कुल 5.9 किमी का है, जिसमें 5 स्टेशन रहेंगे। बताया जा रहा है कि कॉमर्शियल रन के दौरान जब इस रूट पर मेट्रो चलेगी तो वह हर 2 से 5 मिनट में एक स्टेशन पर पहुंच जाएगी।
मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अनुसार इंदौर मेट्रो गांधी नगर से सुपर कॉरिडोर स्टेशन नंबर 3 तक चलेगी। इस दौरान मेट्रो दोनों तरफ से 25 चक्कर लगाएगी, यानी कुल 50 बार फेरे लेगी। टाइमिंग की बात करें, तो इंदौर मेट्रो सुबह 8 बजे से चलना शुरू होगी और 12 घंटो तक चलेगी। यानी दोनों सोर्स स्टेशनों से शाम 8 बजे तक चलाई जाएंगी। यात्रियों की संख्या के आधार पर इस समय को बढ़ाया या घटाया जाएगा।
इंदौर मेट्रो का किराया तय कर दिया गया है। मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने मेट्रो के किराए को 5 जोन में बांटा है। इनके तहत 28 स्टेशन आएंगे। इसका किराया 20 रुपये से लेकर अधिकतम 80 रुपये तक तय किया गया है। हालांकि शुरूआती दिनों में यात्रियों को आकर्षित करने के लिए मेट्रो मैनेजमेंट ने भारी छूट देने का फैसला किया है।
इंदौर मेट्रो के कॉमर्शियल रन के शुरू होने पर यात्रियों के बीच लोकप्रियता को बढ़ाने और मेट्रो का प्रचार करने के लिए टिकट पर तीन महीने तक छूट दी जाएगी। ये घोषणा मेट्रो प्रबंधन ने की है।
मेट्रो सेवा शुरू होने के पहले हफ्ते में टिकट पर 100 प्रतिशत की छूट दी जाएगी, यानी पहले हफ्ते में यात्री मुफ्त में सफर कर सकेंगे। दूसरे सप्ताह में टिकट पर 70 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। तीसरे सप्ताह में टिकट पर 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी और चौथे सप्ताह से तीन महीने तक टिकट पर 25 प्रतिशत छूट दी जाएगी।
सुपर कॉरिडोर के स्टेशन नंबर 3 तक पहुंचने के लिए यात्री रेडिसन चौराहा, विजयनगर से ई-बस के जरिए पहुंच सकेंगे। गांधी नगर से एयरपोर्ट और बड़ा गणपति चौराहे जाने के लिए यात्री गांधीनगर स्टेशन से ई-बस में बैठ कर जाएंगे। एयरपोर्ट व बड़ा गणपति चौराहे तक की यात्रा करेंगे।