भोपाल

विकास पर्व कार्यक्रम में CM चौहान बोले-जनता का सुख-दुख मेरा सुख-दुख, विकास कार्यों लोकार्पण किया

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 24, 2023, 01:30 PM IST

Shivraj Singh Chauhan News: मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी समय इस पूरे इलाके में आने-जाने के रास्ते नहीं थे। कहीं भी आने-जाने में पूरा दिन लग जाता था। जनता के लिए यह अकल्पनीय था कि यहाँ अच्छी सड़कें बनेंगी। अब चारों तरफ शानदार सड़कों का जाल बिछाया गया है। कई सड़कों का भूमि-पूजन हुआ है। खेत सड़क भी बनाई जाएंगी।

Image

विकास पर्व कार्यक्रम को संबोधित करते शिवराज सिंह चौहान।

Shivraj Singh Chauhan News: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कहा कि 'जनता का सुख-दुख मेरा सुख-दुख है। प्रदेश की जनता की खुशहाली के लिए मैं दिन-रात काम कर रहा हूं। विकास पर्व के तहत पूरे प्रदेश में विकास का महायज्ञ चलाया जा रहा है। अनेक निर्माण एवं विकास कार्यों का शिलान्यास तथा भूमि-पूजन किया जा रहा है। सड़क, बिजली, पेयजल, सिंचाई के लिए पानी तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री चौहान चकल्दी में विकास पर्व कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने चकल्दी में 81 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण/भूमि-पूजन किया और चकल्दी में महाविद्यालय खोलने की घोषणा की। अनेक योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए।

889 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी

इस मौके पर सीएम चौहान ने कहा कि पहले सिंचाई की व्यवस्था नहीं होने के कारण उत्पादन कम होता था। खेती में किसानों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब अनेक सिंचाई परियोजनाओं से हर किसान के खेत तक पानी पहुँचाने का काम किया जा रहा है। आज चकल्दी में लोकार्पित पाटतलाई उद्वहन सिंचाई योजना से पाटतलाई, अमीरगंज एवं पलासपानी जैसे पहाड़ी गाँवों के खेतों तक सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा और तीनों गाँवों के 661 किसानों की 889 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी।

सड़कों का जाल बिछाया गया

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी समय इस पूरे इलाके में आने-जाने के रास्ते नहीं थे। कहीं भी आने-जाने में पूरा दिन लग जाता था। जनता के लिए यह अकल्पनीय था कि यहाँ अच्छी सड़कें बनेंगी। अब चारों तरफ शानदार सड़कों का जाल बिछाया गया है। कई सड़कों का भूमि-पूजन हुआ है। खेत सड़क भी बनाई जाएंगी। जितनी सड़कें हमारी सरकार ने बनाई हैं, उतनी गत 50 वर्षों में नहीं बनीं।

कृषि क्षेत्र में प्रदेश में क्रांति

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र में प्रदेश में क्रांति हो रही है। किसान वर्ष में तीन फसल ले रहे हैं। राज्य में मूंग खरीदी का कार्य चल रहा है। किसान-कल्याण योजना में छोटे से छोटे किसान को वर्ष में 12 हजार रूपए की राशि प्राप्त हो रही है। पूर्व सरकार ने किसानों पर कर्जा चढ़ा दिया था, जिसे उतारने का कार्य किया गया। हमारी सरकार में कृषि का उत्पादन बढ़ा है और किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है। किसानों को 18 प्रतिशत ब्याज पर मिलने वाला फसल ऋण अब शून्य प्रतिशत ब्याज पर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री लाड़ली योजना की बढ़ेगी राशि

चौहान ने कहा कि पहले पैसों के अभाव में बहनों को बच्चों तथा घर की जरूरतों को पूरा करने में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से अब महिलाएँ अपनी छोटी-छोटी जरूरतें पूरी कर पा रही हैं। योजना में बहनों के खातों में एक-एक हजार रुपए की राशि डाली जा रही है। इस राशि को धीरे-धीरे बढ़ाकर 3000 रुपए तक किया जाएगा।

पुलिस भर्ती में भी बेटियों को 30 प्रतिशत आरक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जब मैं विधायक था, तो अपने साथियों के साथ मिलकर बेटियों की शादी करवाता था। आज मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना में प्रदेश की अनेक बेटियों की शादी धूमधाम से कराई जा रही है। बहन, बेटी एवं पत्नी के नाम मकान, दुकान या खेत खरीदने पर रजिस्ट्री में स्टाम्प शुल्क एक प्रतिशत लगता है, जबकि पुरूष के नाम पर खरीदने पर तीन प्रतिशत। पुलिस भर्ती में भी बेटियों को 30 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना में बुजुर्गों को वायुयान से तीर्थ-यात्रा कराई जा रही है।

सरकार संबल योजना से लाभान्वित हुईं गरीब बहनें

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब बहनों को पहले बेटा-बेटी को जन्म देने के बाद मजदूरी पर जाना होता था। सरकार संबल योजना में माता को बच्चे के जन्म के पूर्व 4000 रूपए एवं जन्म के पश्चात 12000 रूपए की राशि देती है, जिससे उसे अब तुरंत काम पर जाने की जरूरत नहीं है। वह अच्छे से अपने बेटा-बेटी का पालन पोषण कर सकती है। स्थानीय चुनावों में महिलाओं को आरक्षण मिलने से आज हमारी कई बहनें जनता की सेवा कर रही हैं। स्थानीय निकाय चुनावों में आधी सीटें महिलाओं के लिए रिजर्व करने वाला मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है।

मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना देगी आर्थिक संबल

चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना में विभिन्न क्षेत्रों में काम सीखने वाले युवाओं को प्रशिक्षण के साथ-साथ 8 से 10 हजार रुपए स्टायपेंड भी प्रदान किया जाएगा। योजना में काम सीखने के इच्छुक युवाओं और काम सिखाने वाली संस्थाओं का पंजीयन हो रहा है। साथ ही गरीबों, किसानों तथा मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कोई समस्या न आए, इसके लिए मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों तथा उच्च शिक्षण संस्थाओं में विद्यार्थियों का एडमिशन होने पर पूरी फीस प्रदेश सरकार द्वारा भरी जाएगी।

मेगा हेल्थ कैम्प का अवलोकन

सीएम चौहान ने चकल्दी में मुख्यमंत्री मेगा हेल्थ कैम्प का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से कैम्प में आने वाले मरीजों की चिकित्सीय जाँच के बाद गम्भीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कर इलाज कराना सुनिश्चित करने के लिए कहा। कैम्प में आई श्रीमती उमा, रानीबाई, सरिता, सोफिया से चर्चा कर हाल-चाल भी जाने।पूर्व विधायक श्री राजेंद्र सिंह राजपूत, श्री गुरु प्रसाद शर्मा, आदिवासी वित्त विकास निगम अध्यक्ष निर्मला बारेला, श्री रवि मालवीय, अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में जन समुदाय उपस्थित था।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article