MP Road Accident: मध्य प्रदेश के सीधी जिले में देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक ट्रक और क्रूजर की जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई और 13 लोग घायल हो गए। जिनमें से 9 लोगों की हालत गंभीर है, जिन्हें रीवा रेफर किया गया है। बाकी घायलों को इलाज के लिए सीधी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि गाड़ी गलत दिशा से आ रही थी, जिसके कारण टक्कर हुई। इस हादसे पर सीएम मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया है।
क्रूजर में सवार बकरे की भी मौत
पुलिस ने बताया कि यह घटना सीधी-बहरी रोड पर उपनी पेट्रोल पंप के पास देर रात करीब 2.30 बजे हुई। सभी मृतक साहू समाज के बहरी थाना क्षेत्र के पड़रिया, मटिहनी, देवरी गांव के रहने वाले हैं। सभी लोग क्रूजर में सवार होकर बच्चे का मुंडन कराने मैहर जा रहे थे। वहीं ट्रक सीधी से बहरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक से क्रूजर की आमने-सामने टक्कर हो गई। क्रूजर में कुल 21 लोग सवार थे और साथ में एक बकरा भी था। जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई और बकरे की भी जान चली गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव
पुलिस ने बताया सभी मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जिसके बाद परिजनों को शव सौंप दिया जाएगा। एसपी ने बताया कि इस हादसे में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जाएगी। इसके लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा कि सड़क दुर्घटना में मरने वालों के परिजनों को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दो-दो लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए गए हैं।
