MP: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से दिल दहला देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां पेड़ से एक युवक और युवती के अधजले शव बंधे मिले। शवों की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पेड़ पर बंधे दो शव बरामद किए और उन्हें पोस्टमार्टम से लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि ये मामला छतरपुर के लवकुश नगर का है। लवकुश नगर एसडीपीओ समेत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई।
प्रथम दृश्यता के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि किसी ने युवक-युवती के हाथों को जंजीरों से बांधकर उन्हें पेड़ से बांधा और बाद में उन्हें जला दिया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ। घटनास्थल पर मौजूद पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है और जल्द से जल्द सुलझाने की कोशिश की जा रही है।
पेड़ पर बंधे मिले युवक और युवती के शव
एसडीपीओ नवीन दुबे ने बताया कि मृतकों की पहचान हो गई है। आगे की जांच के लिए अन्य टीमें बुलाई जा रही हैं। मृतक युवती की उम्र करीब 29-30 साल बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि युवती शनिवार से ही लापता थी। परिजनों ने बताया कि रविवार सुबह उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने विभिन्न बिंदुओं पर गहनता से जांच शुरू कर दी है। युवती लवकुश नगर के वार्ड नंबर 15 की निवासी बताई जा रही है।
मृतक युवक गौरिहार थाना क्षेत्र के खड्डी गांव का बताया जा रहा है। दोनों के शव पेड़ों से जंजीर से बंधे थे और जंजीर में ताला लगा था। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के पास ही दोनों के मोबाइल और एक ईयरफोन मिले। इसके साथ ही युवती का पर्स भी घटनास्थल पर मिला और कुछ पैसे भी बिखरे मिले हैं। घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़ते हुए अलग-अलग नजरिए से देखा जा रहा है।
(इनपुट - IANS)
