भोपाल

UP के बाद अब MP में भी भेड़िए की दहशत, खंडवा में परिवार पर किया हमला, पांच लोग घायल

मध्य प्रदेश के खंडवा में भेड़िये के हमले में परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। पीड़ितों के अनुसार हमला करने वाला जंगली जानवर भेड़िया है। हालांकि डीएफओ ने कहा कि यह निश्चित रूप से कहना मुश्किल है कि यह भेड़िया ही था।

Image

खंडवा में भेड़िए का आंतक (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Khandwa Wolf Attack: मध्य प्रदेश के खंडवा में शुक्रवार को एक परिवार के पांच सदस्यों पर भेड़िये ने हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। इस हमले में एक महिला और चार पुरुष घायल हुए हैं। उनका खंडवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज जारी है। सभी घायलों को रेबीज के टीके और दवाइयां दी गई हैं।

पड़ोसियों ने भगाया भेड़िया

हरसूद के पुलिस उपमंडल अधिकारी (एसडीपीओ) संदीप वासकाले ने बताया कि घटना जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर आदिवासी बहुल खालवा तहसील के ग्राम मालगांव में तड़के करीब 2:30 बजे हुई। एसडीओपी ने कहा, ‘‘परिवार के शोर मचाने के बाद पड़ोसी और अन्य लोग पहुंचे और भेड़िये को भगाया।

वीडियो में सियार जैसा जानवर दिखा

दामोर ने कहा, ‘‘जंगली जानवर को अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है। उसका पता लगाने के प्रयास जारी हैं। पीड़ितों के अनुसार यह एक जानवर है (और झुंड नहीं)। हालांकि, यह निश्चित रूप से कहना मुश्किल है कि यह भेड़िया था।’’ डीएफओ ने कहा, ‘‘सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित वीडियो क्लिप के आधार पर यह कहना जल्दबाजी होगी कि वह कौन सा जानवर था। वीडियो में मुझे वह जानवर सियार जैसा दिखाई दे रहा है, जो भेड़िये से थोड़ा छोटा है।’’

बहराइच में फैला भेड़िए का आतंक

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के बहराइच में भेड़ियों के हमले राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, पिछले दो महीनों में बहराइच जिले में भेड़ियों के हमलों में सात बच्चों सहित आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब तीन दर्जन लोग घायल हुए हैं।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article