भोपाल

मध्य प्रदेश के नीमच में गरजा बुलडोजर, 17 बीघा जमीन से हटाया गया अवैध अतिक्रमण

MP: मध्य प्रदेश के नीमच में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण की खबर मिलने के बाद जिला प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई की। इस कार्रवाई में 17 बीघा जमीन पर बुलडोजर को गरजते हुए देखा गया। जमीन को अतिक्रमण मुक्त करने के बाद यहां खाई खोदी गई है।

Image

मध्य प्रदेश के नीमच में गरजा बुलडोजर

Photo : iStock

MP: मध्य प्रदेश के नीमच जिले में प्रशासन द्वारा अतिक्रमणकारियों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की गई है। यहां सरकारी जमीन पर बुलडोजर चलाकर लगभग 17 बीघा जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। बताया गया है कि सरवानिया महाराज नगर परिषद क्षेत्र में स्थित खेड़ापति बालाजी के पास जावी रोड पर शासकीय भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा चला आ रहा था। इसे मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन ने बुधवार को प्रभावी रूप से कार्रवाई की और करीब 17 बीघा जमीन को खाली कराया गया है। इस जमीन की कीमत लगभग 8 करोड़ रुपए आंकी गई है।

अवैध कब्जे को लेकर मिली कई शिकायतें

जिला प्रशासन को अतिक्रमण को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थी। इन्हीं शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। शिकायतों से यह बात सामने आई कि हकीम पिता अल्लानूर मंसूरी, तालिम हुसैन पिता अल्लानूर मंसूरी, सागरमल पिता मोहनलाल पाल और मोहनलाल पिता भेरूलाल तेली ने उक्त भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य किया था।

150 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में की गई कार्रवाई

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने अतिक्रमण को हटाने के लिए रूपरेखा तैयार की और बुधवार तड़के सुबह 5 बजे पूरी टीम सरवानिया महाराज पहुंची। एसडीएम प्रीति संघवी के नेतृत्व में तहसीलदार नवीन गर्ग, थाना प्रभारी जितेन्द्र वर्मा, चौकी प्रभारी श्याम कुमावत, मुख्य नगर पालिका अधिकारी अब्दुल रऊफ खान, राजस्व निरीक्षक, पटवारी सहित नगर परिषद का अमला तथा 150 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

जमीन को कब्जे से बचाने के लिए खोदी गई खाई

अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराई गई जमीन पर फिर कोई दोबारा कब्जा न कर सके, इसके लिए वहां खाई खोदी गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे। इसके साथ ही, राज्य के अनेक हिस्सों में बारिश से पूर्व अतिक्रमण हटाने और जर्जर मकानों को गिराने का अभियान चलाया जा रहा है। इंदौर में तीन जर्जर मकानों को नगर निगम ने गिराया है। इसी तरह छिंदवाड़ा में भी अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article