Dome of Temple Collapsed in MP: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में एक निर्माणाधीन मंदिर का गुंबद ढहने से हादसा हो गया। जिसमें एक ठेकेदार की मौत हो गई और पांच मजदूर घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को बचाया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जिनमें से दो मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है।
एमपी के खरगोन में हादसा
खंभा कमजोर होने के कारण गिरा गुंबद
एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना बिस्टान थाना क्षेत्र के मोगरगांव गांव में सोमवार दोपहर को हुई। बिस्टान थाना प्रभारी आईएस मुजाल्दे ने कहा, "एक निर्माणाधीन मंदिर का गुंबद ढह गया, जिसमें 35 वर्षीय ठेकेदार दिनेश की मौत हो गई और पांच मजदूर घायल हो गए। घायलों में से कुछ की हालत गंभीर है।" मुजाल्दे के अनुसार, निर्माणाधीन मंदिर का एक खंभा कमजोर होने के कारण गिर गया, जिससे उसका गुंबद ढह गया।
पिछले सात महीने से चल रहा था निर्माण
रूपारेल नदी के तट पर इस मंदिर का निर्माण पिछले सात महीनों से चल रहा है। सोमवार को भारी बारिश के कारण नदी उफान पर थी। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन ने बताया कि एक मजदूर का दाहिना हाथ कट गया है, जिसे आगे के इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है, जबकि एक अन्य मजदूर की पसली टूट गई है। उन्होंने बताया कि तीन अन्य मजदूरों को मामूली चोटें आई हैं।
(इनपुट - भाषा)
