भोपाल

मप्र के शिवपुरी में दलित महिला सरपंच को जूतों से पीटा, तीन के खिलाफ मामला दर्ज

  • Agency by: Agency
  • Updated Jul 18, 2023, 09:58 PM IST

MP Crime News: शिकायत में कहा गया है कि महिला सरपंच अपने बेटे पर हमले के आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस थाने जा रही थी, रास्ते में तीन व्यक्तियों ने उसे रोक लिया और जूतों से उसकी पिटाई कर दी।

Image

MP Police

Photo : iStock

MP Crime News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में तीन व्यक्तियों ने दलित समुदाय की एक महिला सरपंच को कथित तौर पर कीचड़ में घसीटा और जूतों से पिटाई की। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया, इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

तेंदुआ पुलिस थाना प्रभारी मनीष जादौन ने बताया कि पहाड़ी ग्राम पंचायत के सरपंच की शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। रविवार शाम हुई इस घटना का एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

बेटी की पिटाई से शुरू हुआ था विवाद

प्राथमिकी के मुताबिक सरपंच का बड़ा बेटा खरई गया था जहां एक आरोपी ने उसे रोक लिया और उससे मां से एक कागज पर हस्ताक्षर कराने को कहा। प्राथमिकी के अनुसार जब सरपंच के बेटे ने इससे इनकार किया तो आरोपी ने कथित तौर पर उसकी पिटाई कर दी।

पुलिस थाने जा रही थी महिला सरपंच

शिकायत में कहा गया है कि बाद में सरपंच अपने बेटे पर हमले के आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस थाने जा रही थी, रास्ते में तीन व्यक्तियों ने उसे रोक लिया। शिकायत में कहा गया है कि उन्होंने कथित तौर पर महिला सरपंच को कीचड़ में फेंक दिया, घसीटा और जूतों से पिटाई की।

End of Article