सीएम शिवराज सिंह चौहान करेंगे स्कूल चलें हम अभियान का शुभारंभ, कई परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 15, 2023, 12:38 PM IST

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 17 जुलाई से आरंभ हो रहे स्कूल चलें हम अभियान और बड़वानी व राजगढ़ में विकास पर्व यात्राओं के लिए जारी तैयारियों की समीक्षा की। सीएम सिंचाई परियोजनाओं का भूमिपूजन व लोकार्पण करेंगे।

भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 17 जुलाई से आरंभ हो रहे स्कूल चलें हम अभियान और बड़वानी व राजगढ़ में विकास पर्व यात्राओं के लिए जारी तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सीहोर में होने वाले लाड़ली बहना सम्मेलन तथा धार जिले में कुक्षी सूक्ष्म सिंचाई परियोजना के भूमिपूजन कार्यक्रम के लिए जारी गतिविधियों की भी जानकारी प्राप्त की। निवास कार्यालय समत्व भवन में हुई बैठक में स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री श्री इंदरसिंह परमार वर्चुअली शामिल हुए। अपर मुख्य सचिव जल संसाधन एस.एन. मिश्रा, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा श्रीमती रश्मि अरूण शमी तथा महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।

School Chalen Hum Abhiyan, Ladli Bahna Sammelan, Shivraj Singh Chouhan

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

15 जुलाई को आष्टा में लाड़ली बहना सम्मेलन

15 जुलाई को आष्टा जिला सीहोर के मुखर्जी मैदान में लाड़ली बहना सम्मेलन होगा, इसके साथ ही दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग वितरण तथा रोड-शो भी आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान लाड़ली बहना सेना प्रशिक्षण बुकलेट का विमोचन और आजीविका मिशन की महिलाओं से संवाद भी करेंगे। दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग वितरण कार्यक्रम में लगभग 379 हितग्राहियों को उनकी आवश्यकता अनुसार उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। आष्टा में नगर पालिका कम्युनिटी हॉल से आरंभ होने वाले रोड-शो में व्यावसायिक संगठन, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि तथा लाड़ली बहना सेना की बहनें शामिल होंगी। रोड-शो में विभिन्न विभागों की योजनाओं, कार्यक्रमों और गतिविधियों पर केन्द्रित प्रदर्शनियाँ भी होंगी।

End of Feed