भोपाल

जो कार्य राजा-महाराजाओं और पिछली सरकारों ने मिलकर नहीं किया वो बीते 20 सालों में हमने कर दिखाया- CM चौहान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 16, 2023, 08:08 PM IST

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि गत 20 वर्षों में सड़क, बिजली, पानी, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव हुए हैं। अकेले धार जिले में 1 हजार 268 करोड़ से अधिक की लागत से लगभग 3 हजार 300 किमी लम्बाई की कुल 835 सड़कों का निर्माण एवं उन्नयन किया गया है।

Image

कुक्षी माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के भूमि-पूजन के दौरान एमपी सीएम शिवराज सिंह चौहान

एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कहा कि राजा-महाराजाओं, नवाबों और पिछली सरकारों के सालों साल के शासन में जितना विकास नहीं हुआ, उससे कई गुना ज्यादा भाजपा सरकार ने पिछले 20 सालों में कर दिखाया है। मुख्यमंत्री चौहान आज कुक्षी माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के भूमि-पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। चौहान ने प्रदेश में आज से प्रारंभ हुए विकास पर्व की शुरूआत स्थानीय कृषक मोहन सिंह चौहान, उनकी पत्नी रंगीली बाई और श्रमिक पर्वत के साथ 2771 करोड़ 16 लाख के विकास कार्यों के भूमि-पूजन से की। विकास पर्व आगामी 14 अगस्त तक चलाया जायेगा, जिसके अंतर्गत प्रदेश के सभी जिलों में बड़े पैमाने पर विकास कार्यों के भूमि-पूजन/लोकार्पण के साथ ही जन संवाद, हितग्राही सम्मेलन, रोड-शो आदि आयोजित किये जायेंगे।

सरदार सरोवर तक चलेगा क्रूज

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुक्षी माईक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना प्रधानमंत्री के "पर ड्रॉप मोर क्रॉप" (पानी की प्रति बूंद से अधिक फसल) पर आधारित है। इसी मंत्र को अपना संकल्प बनाते हुए मध्यप्रदेश सरकार सिंचाई के क्षेत्र में नवाचार कर पानी की हर बूंद को उपयोगी बना रही है। सरकार की इसी प्रतिबद्धता का प्रमाण बन रही हैं उन्होंने कहा कि मेघनाद घाट का विकास किया जाएगा और यहां से सरदार सरोवर तक क्रूज चलाया जाएगा।

सरकार की गिनाई उपलब्धियां

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि गत 20 वर्षों में सड़क, बिजली, पानी, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव हुए हैं। अकेले धार जिले में 1 हजार 268 करोड़ से अधिक की लागत से लगभग 3 हजार 300 किमी लम्बाई की कुल 835 सड़कों का निर्माण एवं उन्नयन किया गया है। जिले में 196 करोड़ 62 लाख रु. की लागत से 117 पुलों का निर्माण किया गया है। विद्युत अधोसंरचना के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण पर 333 करोड़ रुपए व्यय किए गए हैं। जिले में 216 करोड़ रुपए की लागत से 54 मेगावाट के सोलर पावर प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। फीडर विभक्तीकरण के 85 करोड़ की लागत के 311 कार्य पूर्ण किए गए हैं। इसके अलावा 519 करोड़ 26 लाख रुपए की लागत से निर्मित 78 सिंचाई परियोजनाओं से 29 हजार 790 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित की गई। वर्तमान में 905 करोड़ 33 लाख रुपए की लागत से 22 सिंचाई परियोजनाएँ निर्माणाधीन हैं। जल जीवन मिशन में जिले में अब तक 2 लाख 63 हजार 783 परिवारों तक नल का शुद्ध जल पहुँचाया जा चुका है। जिले में 15 सीएम राइज विद्यालय प्रारम्भ हुए। लगभग 237 करोड़ रुपए की लागत से एकलव्य विद्यालय, कन्या शिक्षा परिसर,आश्रम, क्रीडा परिसर एवं छात्रावासों का निर्माण किया गया है। धार में मेडिकल कॉलेज बनेगा।लगभग 71 करोड़ रुपए की लागत से कुल 529 स्वास्थ्य केन्द्रों का निर्माण एवं उन्नयन किया गया है। जिले के लगभग 11 लाख 40 हजार हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बने हैं। आयुष्मान योजना में 15 हजार से अधिक मरीजों का निःशुल्क इलाज हुआ है।

हर गांव में सिंचाई की व्यवस्था

चौहान ने लाड़ली बहना योजना सहित अन्य योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ये प्रदेशवासियों की जिंदगी में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी के "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" मंत्र को आत्मसात करके हम आगे बढ़ रहे हैं। साथ ही जन-कल्याण, सुराज और विकास को शासन का आधार-स्तंभ बनाकर जनता के जीवन को बदलने का काम भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नर्मदा जल को क्षिप्रा नदी तक ले जाने के दुष्कर कार्य को सरकार ने कर दिखाया है। इतना ही नहीं निमाड़, मालवा, क्षेत्र में नर्मदा जल जहाँ नहरों से नहीं पहुँचाया जा सकता वहां पाइपों से मोटर लगाकर पहुंचाने की योजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि असंभव शब्द मेरे शब्दकोष में है ही नहीं। धार जिले के एक-एक गांव में सिंचाई एवं पेयजल की व्यवस्था की जाएगी।

मां नर्मदा की पूजा

भूमि-पूजन के पहले मुख्यमंत्री चौहान मेघनाद घाट पर माँ नर्मदा की पूजा-अर्चना कर मां नर्मदा को 551 मीटर चुनरी चढ़ाई। नर्मदा तट पर भजन मंडली द्वारा संगीतमय भजनों की प्रस्तुति दी गई। मुख्यमंत्री चौहान ने अपने बचपन का पसंदीदा भजन "राम भजन सुखदायी - जपो रे मेरे भाई" गाया।

ये रहे उपस्थित

औद्योगिक नीति निवेश एवं प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी, सांसद छतरसिंह दरबार, विधायक नीना वर्मा, पूर्व केबिनेट मंत्री रंजना बघेल, मनोज सोमानी, मुकाम सिंह किराड़े, वीरेंद्र सिंह बघेल, जयदीप पटेल, संभाग आयुक्त डॉक्टर पवन कुमार शर्मा, आईजी राकेश गुप्ता जन-प्रतिनिधि और विशाल जन-समुदाय उपस्थित था।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article